Jharkhand: धनबाद में एनकाउंटर के बाद बड़ा खुलासा, फार्महाउस के पीछे जंगल से 20 से अधिक कारतूस और हथियार बरामद

धनबाद। निरसा थाना क्षेत्र में बुधवार शाम हुई पुलिस मुठभेड़ के बाद जांच एजेंसियों ने कार्रवाई तेज कर दी है। रांची से पहुंची राज्य फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला की टीम ने हाथबाड़ी स्थित फार्महाउस और उसके आसपास के इलाके की गहन जांच की। तलाशी के दौरान फार्महाउस के पीछे जंगल और झाड़ियों से 20 से अधिक कारतूस और अत्याधुनिक हथियार बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई है।पुलिस ने पूरे फार्महाउस परिसर को सील कर दिया है। बरामद हथियारों और कारतूस को वैज्ञानिक जांच के लिए भेजे जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

नीरज सिंह और निखार सबलोक हत्याकांड से जुड़ा आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, सागर सिंह उर्फ विजय सिंह उर्फ शिबू को निरसा के एक फार्महाउस में घेराबंदी कर पकड़ा गया। पुलिस का दावा है कि वह धनबाद के चर्चित पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह हत्याकांड और जमशेदपुर के कारोबारी निखार सबलोक हत्याकांड में वांछित था।मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच में भर्ती कराया गया।

फरार साथियों की तलाश में कई राज्यों में छापेमारी

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी के फरार साथियों की तलाश तेज कर दी है। पुलिस की विशेष टीमों को झारखंड के अलावा पश्चिम बंगाल, बिहार और उत्तर प्रदेश में भी भेजे जाने की जानकारी है।पुलिस को आशंका है कि आरोपी किसी बड़े आपराधिक नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं। घायल आरोपी की निशानदेही पर हाथबाड़ी के जंगल क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया गया, जहां से हथियार और कारतूस बरामद होने की बात सामने आई है।

निखार सबलोक हत्याकांड में मुख्य शूटर होने का आरोप

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर निवासी सागर सिंह उर्फ शिबू पर धनबाद के पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह की हत्या के मामले में शामिल होने का आरोप है। इसके अलावा पुलिस उसे चांडिल के टेंथ माइल स्टोन होटल में कारोबारी निखार सबलोक की हत्या के मामले में भी मुख्य शूटर के तौर पर नामजद बता रही है।निखार सबलोक की 24 अगस्त 2026 को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद से शिबू के फरार होने की बात सामने आई थी।

फार्महाउस मालिक की भूमिका की भी जांच

जांच में फार्महाउस के मालिक शमशाद खान की भूमिका भी पुलिस के रडार पर है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी फार्महाउस तक कैसे पहुंचा और उसे वहां कथित तौर पर शरण किस परिस्थिति में मिली।जांच एजेंसियां फार्महाउस और आसपास के क्षेत्र से मिले साक्ष्यों के अलावा सीसीटीवी फुटेज, बरामद हथियारों और कारतूस की भी जांच कर रही हैं।

फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई

फिलहाल पुलिस और फॉरेंसिक टीम मामले से जुड़े साक्ष्यों को जुटाने में लगी है। बरामद हथियारों और कारतूस की वैज्ञानिक जांच के साथ सीसीटीवी फुटेज का भी विश्लेषण किया जा रहा है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जांच पूरी होने और फॉरेंसिक रिपोर्ट समेत अन्य साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद ही पूरे मामले में आगे की तस्वीर स्पष्ट होगी।

Exit mobile version