Jharkhand: खरसावां में बेकाबू ट्रक ने ट्रांसफार्मर को मारी टक्कर, लोगों ने चालक को पीटा

खरसावां: खरसावां के बेहरासाई गांव में मंगलवार शाम एक अनियंत्रित ट्रक ने बिजली ट्रांसफार्मर को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 100 केवीए का ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति ठप पड़ गई। घटना के बाद चालक ट्रक लेकर भागने लगा। इस दौरान सड़क किनारे खेल रहे बच्चे और राहगीर बाल-बाल बच गए। गनीमत रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

ट्रांसफार्मर से टकराने के बाद भी नहीं रोका ट्रक

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रांसफार्मर से टक्कर के बाद भी चालक ने ट्रक नहीं रोका और तेज रफ्तार में आगे बढ़ने लगा। इससे स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। युवकों ने पीछा कर बेहरासाई मस्जिद के पास ट्रक को रोक लिया। इसके बाद गुस्साए युवकों ने चालक की पिटाई कर दी।प्रत्यक्षदर्शियों ने चालक के नशे में होने की आशंका जताई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

काली मेला में सामान पहुंचाकर लौट रहा था ट्रक

बताया जाता है कि ट्रक संख्या सीजी 14 एमआर 1402 पदमपुर गांव में आयोजित काली मेला में सामान पहुंचाने आया था। मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे ट्रक पदमपुर से चांदनी चौक होते हुए बेहरासाई के रास्ते लौट रहा था। इसी दौरान चौक पर वाहन अनियंत्रित होकर बिजली ट्रांसफार्मर से टकरा गया।

पुलिस ने चालक को कब्जे में लिया

घटना की सूचना मिलते ही खरसावां पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल थाना के सामने होने के कारण पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप किया और चालक को अपने कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया। पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया।

घनी आबादी में भारी वाहनों की आवाजाही पर उठे सवाल

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घनी आबादी वाले इलाके में भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही से परिचालन पर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर बच्चे खेलते हैं और राहगीरों की आवाजाही रहती है, वहां इस तरह वाहन चलाना गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकता था।स्थानीय लोगों ने चालक की मेडिकल जांच कराने, घटना की निष्पक्ष जांच करने और लापरवाही के लिए जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।

Exit mobile version