BreakingJharkhand INFACTNews

Jharkhand: जमशेदपुर में वाहन चोर गिरोह का खुलासा, 25 चोरी की बाइक-स्कूटी बरामद

जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने मोटरसाइकिल और स्कूटी चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अब तक 25 चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। मामले में पुलिस ने कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।इस संबंध में ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल ने शनिवार को प्रेस वार्ता कर पुलिस कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस अब गिरोह के पूरे नेटवर्क और चोरी के वाहनों की खरीद-बिक्री से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

गुड़ाबांदा में 17 चोरी की बाइक के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार

ग्रामीण एसपी के अनुसार, 24 अगस्त को गुड़ाबांदा थाना कांड संख्या 14/2026 के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 17 चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की थी। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था।पूछताछ के दौरान आरोपियों से पुलिस को गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और चोरी के दोपहिया वाहनों की खरीद-बिक्री के नेटवर्क के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली।

मुसाबनी में एसआईटी ने दो आरोपियों को दबोचा

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मुसाबनी डीएसपी के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान टीम का गठन किया गया। एसआईटी ने तकनीकी साक्ष्यों, मानवीय सूचना और संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मुसाबनी थाना क्षेत्र के कटकी मैदान के पास चोरी के वाहनों की खरीद-बिक्री की जा रही है।सूचना के आधार पर एसआईटी ने घेराबंदी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, उनकी निशानदेही पर आठ और चोरी की मोटरसाइकिल व स्कूटी बरामद की गईं।इस तरह दोनों अभियानों में अब तक कुल 25 चोरी के दोपहिया वाहन पुलिस के हाथ लगे हैं।

जमशेदपुर समेत कई इलाकों से चोरी करते थे वाहन

पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य जमशेदपुर शहर के अलावा विभिन्न थाना क्षेत्रों और अन्य जिलों से मोटरसाइकिल और स्कूटी चोरी करते थे। इसके बाद चोरी किए गए वाहनों को ग्रामीण इलाकों में कम कीमत पर बेच दिया जाता था।पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह के सदस्य किन-किन इलाकों में सक्रिय थे और चोरी के वाहनों की खरीद-बिक्री के नेटवर्क में और कौन लोग शामिल हैं।

वाहन चोरी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा: ग्रामीण एसपी

ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल ने कहा कि वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस का अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और अन्य माध्यमों से वाहन चोरी के मामलों में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है।उन्होंने कहा कि चोरी के वाहनों की बरामदगी के साथ-साथ पूरे नेटवर्क तक पहुंचना पुलिस की प्राथमिकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button