रामगढ़: जिला स्थापना दिवस के अवसर पर उपायुक्त ऋतुराज ने जिले के समस्त नागरिकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने रामगढ़ जिले के 19 वर्षों के सफर को रेखांकित करते हुए कहा कि निरंतर मेहनत और प्रयासों के बल पर जिले ने पूरे राज्य में अपनी एक अलग और विशिष्ट पहचान बनाई है।उपायुक्त ने कहा कि हाल के वर्षों में रामगढ़ जिला विकास के विभिन्न मानकों पर राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करते हुए कई क्षेत्रों में प्रथम स्थान हासिल करने में सफल रहा है। जिला प्रशासन इन उपलब्धियों को बरकरार रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन पर विकास की विशेष प्राथमिकता
उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि जिला प्रशासन शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, पर्यटन, खेल तथा शहरी एवं ग्रामीण संरचनात्मक विकास के विभिन्न आयामों पर ठोस कार्ययोजना के साथ काम कर रहा है।उन्होंने कहा कि जिले के सर्वांगीण विकास के लिए सभी क्षेत्रों को साथ लेकर आगे बढ़ने का प्रयास किया जा रहा है। प्रशासन का लक्ष्य विकास की मौजूदा गति को बनाए रखते हुए रामगढ़ को राज्य के अग्रणी जिलों में शामिल रखना है।
छिन्नमस्तिका मंदिर से पतरातू डैम तक पर्यटन को बढ़ावा
जिला स्थापना दिवस पर उपायुक्त ने रामगढ़ के महत्वपूर्ण धार्मिक एवं प्राकृतिक स्थलों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि मां छिन्नमस्तिका मंदिर, टूटी झरना, पतरातू डैम और माया टूंगरी पहाड़ जैसे स्थलों के आसपास समय के साथ विकास हुआ है।उन्होंने कहा कि विशेष रूप से पतरातू डैम के सौंदर्यीकरण ने इसे एक प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। जिले के पर्यटन स्थलों के विकास से स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है।
जनभागीदारी को बताया जिले के विकास की कुंजी
उपायुक्त ऋतुराज ने जिले के नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रामगढ़ के सर्वांगीण विकास में आम लोगों की सहभागिता सबसे महत्वपूर्ण है।उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का प्रत्येक कार्यालय नागरिकों के सहयोग और सहायता के लिए सदैव खुला है। उन्होंने लोगों से प्रशासन की विभिन्न विकास योजनाओं और परियोजनाओं में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की।
समस्याओं और सुझावों के लिए अधिकारियों से सीधे संपर्क की अपील
उपायुक्त ने नागरिकों से अपनी समस्याओं, सुझावों और फीडबैक को प्रशासन तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोग किसी भी समय संबंधित अधिकारियों से सीधे मिल सकते हैं।इसके अलावा ऑनलाइन फीडबैक मीटा ऐप के माध्यम से भी अपनी बात प्रशासन तक पहुंचाई जा सकती है।उन्होंने जिलेवासियों से आह्वान किया कि सभी मिलकर रामगढ़ को और अधिक सुंदर, समृद्ध और अग्रणी जिला बनाने में योगदान दें।
बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर उपायुक्त और एसपी ने किया माल्यार्पण
रामगढ़ जिला स्थापना दिवस के अवसर पर उपायुक्त ऋतुराज एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने छत्तरमांडू स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्पार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।वहीं, जिले के अन्य क्षेत्रों में भी स्वतंत्रता सेनानियों और जननायकों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। स्थापना दिवस के अवसर पर जिले के गौरवशाली इतिहास और विकास यात्रा को याद किया गया।
