गुमला: झारखंड के गुमला जिले में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए हथियारों के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, छापेमारी के दौरान एक लाल रंग की कार से देसी कार्बाइन, AK-56 राइफल, मैगजीन, गोलियां और अन्य सामान बरामद किए गए। मामले में अन्य संदिग्धों की भूमिका और हथियारों के स्रोत की जांच की जा रही है।गुमला के पुलिस अधीक्षक हरीश बिन जमा के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि सिसई थाना क्षेत्र का रोहित शर्मा अपने चार-पांच साथियों के साथ टोली गांव निवासी राजेंद्र यादव के घर पहुंचा है। सूचना में उनके पास अवैध और घातक हथियार होने की बात कही गई थी। आशंका जताई गई थी कि वे किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में हो सकते हैं।
गुप्त सूचना पर गठित की गई छापेमारी टीम
सूचना का सत्यापन करने के बाद एसपी के निर्देश पर गुमला के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुरेश प्रसाद यादव के नेतृत्व में छापेमारी दल गठित किया गया। इसमें सिसई के सर्किल इंस्पेक्टर विनय कुमार समेत सिसई और भरनो थाना के पुलिस पदाधिकारी शामिल थे।पुलिस टीम सूचना के आधार पर टोली गांव पहुंची और आसपास के इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया।
पुलिस को देखकर कार सवार फरार
पुलिस के अनुसार, गांव जाने के रास्ते में एक लाल रंग की कार दिखाई दी, जिसमें चार-पांच लोग सवार थे। पुलिस वाहन को देखकर सभी कार से उतरकर भागने लगे। पुलिस ने उन्हें पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन जंगल और अंधेरे का फायदा उठाकर वे फरार हो गए।इसके बाद पुलिस ने कार की तलाशी ली। तलाशी के दौरान देसी कार्बाइन, AK-56 राइफल, मैगजीन, गोलियां और अन्य सामान बरामद किए गए। पुलिस ने इस मामले में टोली गांव निवासी राजेंद्र यादव को गिरफ्तार किया है।
आरोपी की निशानदेही पर हथियार बरामद
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार राजेंद्र यादव की निशानदेही पर AK-56 राइफल और गोलियां भी बरामद की गईं। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हथियार कहां से लाए गए थे और इस मामले में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। साथ ही, बरामद हथियारों के इस्तेमाल और संभावित आपराधिक साजिश के संबंध में भी जांच की जा रही है।
एसपी ने पुलिस टीम की सराहना की
गुमला के एसपी हरीश बिन जमा ने कार्रवाई में शामिल पुलिस पदाधिकारियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि पुलिस गोपनीय सूचनाओं के आधार पर त्वरित कार्रवाई कर अपराध पर अंकुश लगाने का प्रयास कर रही है।पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच जारी है और फरार संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
