Jharkhand: संत जेवियर्स कॉलेज रांची में विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम, संवाद और सहयोग पर दिया जोर

रांची: विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस के अवसर पर संत जेवियर्स कॉलेज, रांची में गुरुवार को मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कॉलेज के फादर सी. डीब्रावर मेमोरियल ऑडिटोरियम में आइक्यूएसी और मानसिक स्वास्थ्य क्लब के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम का विषय था—“आत्महत्या के बारे में सोच बदलने और बातचीत कर समाधान करने हेतु अपील।”कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और भावनात्मक कठिनाइयों के समय संवाद, सहयोग और समय पर मदद लेने के महत्व को रेखांकित करना था।
दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई कार्यक्रम की शुरुआत
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके बाद प्रो. संध्या भेंगरा ने स्वागत संबोधन दिया। उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य की अहमियत और कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को मानसिक परेशानियों को लेकर खुलकर बातचीत करने के लिए प्रोत्साहित किया।
मनोचिकित्सक डॉ. इंदु सोलंकी ने बताए शुरुआती संकेत
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता मनोचिकित्सक डॉ. इंदु सोलंकी ने मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने मानसिक संकट के प्रारंभिक चेतावनी संकेत, रोकथाम के उपाय और सुरक्षा योजना के बारे में विद्यार्थियों को बताया।डॉ. सोलंकी ने भावनात्मक कठिनाइयों से गुजर रहे लोगों के प्रति सहयोग और आश्वासन के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आत्मसम्मान, समय प्रबंधन और लक्ष्य निर्धारण को संतुलित रखना स्वस्थ और व्यवस्थित जीवन के महत्वपूर्ण पहलू हैं।
जीवन की चुनौतियों का मजबूती से सामना करने का संदेश
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. फादर रोबर्ट प्रदीप कुजूर, एसजे ने मानसिक स्वास्थ्य और जीवन की चुनौतियों का मजबूती से सामना करने पर जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से जीवन में अनुशासन बनाए रखने, सही प्राथमिकताएं तय करने और सोच-समझकर निर्णय लेने की अपील की।उन्होंने विद्यार्थियों को आंतरिक रूप से मजबूत बनने, आध्यात्मिकता और सकारात्मक सोच से जुड़ने तथा कठिन परिस्थितियों में अपनी परेशानियों को दूसरों के साथ साझा करने का संदेश दिया।
डॉक्यूमेंट्री के बाद हुआ प्रश्नोत्तरी सत्र
कार्यक्रम के दौरान विषय से संबंधित एक डॉक्यूमेंट्री भी प्रदर्शित की गई। इसके बाद प्रश्नोत्तरी सत्र का आयोजन हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने मानसिक स्वास्थ्य और इससे जुड़े विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे।डॉ. इंदु सोलंकी ने विद्यार्थियों के प्रश्नों का उत्तर देते हुए मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी उनकी जिज्ञासाओं को दूर किया और जरूरत पड़ने पर संवाद तथा सहयोग की भूमिका को रेखांकित किया।
शिक्षक और विद्यार्थी रहे मौजूद
इस अवसर पर कॉलेज के डीन प्रो. बी.के. सिन्हा, डीएसडब्ल्यू डॉ. संजय कुमार सिन्हा, आइक्यूएसी समन्वयक डॉ. शिव कुमार, बीएड विभागाध्यक्ष डॉ. फादर फ्लोरेंस पूर्ति, एस.जे., डॉ. फादर एफ्रेम जेराल्ड बा, डॉ. संतोष कीड़ो, प्रो. सीमा खलखो, प्रो. कंचिता टोप्पो समेत विभिन्न विभागों के शिक्षक, विभागाध्यक्ष और विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर प्रो. अपूर्वश्री कुजूर ने धन्यवाद ज्ञापन किया।



