Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: रांची जिला स्कूल परिसर में पुरानी पानी की टंकी भरभराकर गिरी, दो मजदूरों की मौत की सूचना

रांची: कोतवाली थाना के पीछे स्थित जिला स्कूल परिसर में बुधवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां पुरानी पानी की टंकी अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के वक्त परिसर में निर्माण कार्य चल रहा था। टंकी के मलबे में कई मजदूरों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। वहीं, दो मजदूरों की मौत की सूचना है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की जानकारी सामने आई है।

पुरानी टंकी हटाने के दौरान हुआ हादसा

बताया गया कि पुरानी पानी की टंकी को हटाकर उसकी जगह नई टंकी का निर्माण किया जाना था। इसी क्रम में पुराने ढांचे को हटाने का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक टंकी का पूरा ढांचा धराशायी हो गया।टंकी गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन की टीम और एंबुलेंस मौके पर पहुंची।

मलबे में मजदूरों के दबे होने की आशंका

हादसे के बाद घटनास्थल को घेर दिया गया और लोगों की आवाजाही रोक दी गई। मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकालने के लिए राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया है।फिलहाल मलबे में कितने मजदूर फंसे हैं और मृतकों की पहचान क्या है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस और प्रशासन की टीम घटनास्थल पर मौजूद है और पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।

डिमोलिशन के लिए टेंडर की बात, जांच के बाद स्पष्ट होगी स्थिति

प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से यह बात सामने आई है कि पुरानी टंकी को डिमोलिश करने के लिए पीएचईडी (लोक स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग) की ओर से करीब तीन करोड़ रुपये का टेंडर दिया गया था।प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि टंकी को गिराने के बजाय उसकी मरम्मत का प्रयास किया जा रहा था, जिसके दौरान यह हादसा हुआ। हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। हादसे के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

प्रशासन ने शुरू किया राहत और बचाव अभियान

घटना के बाद प्रशासन और पुलिस की टीम राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई है। मलबा हटाकर उसमें फंसे लोगों की तलाश की जा रही है। हादसे को लेकर संबंधित विभागों की भूमिका और निर्माण कार्य से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button