Jharkhand: आदित्यपुर में नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज की नई कैथ लैब का उद्घाटन, हृदय रोगियों को मिलेगी आधुनिक सुविधा

सरायकेला: आदित्यपुर स्थित नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में मंगलवार को नवनिर्मित कैथ लैब का उद्घाटन झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने किया। कैथ लैब के शुरू होने से अस्पताल में हृदय रोगों से संबंधित जांच और आधुनिक उपचार की सुविधाओं का विस्तार होगा।

राज्यपाल ने संस्थान के प्रयासों की सराहना की

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में संस्थान की ओर से किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने संस्थान के चेयरमैन मदन मोहन सिंह के योगदान की भी प्रशंसा की।राज्यपाल ने कहा कि कम समय में मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ने जिस तरह अपनी चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार किया है, वह सराहनीय है। उन्होंने कहा कि आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार आम लोगों के लिए महत्वपूर्ण है।

रियायती दर पर आधुनिक चिकित्सा सुविधा देने का लक्ष्य

संस्थान के चेयरमैन मदन मोहन सिंह ने कहा कि आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं रियायती दर पर उपलब्ध कराने का जो वादा किया गया था, वह अब धीरे-धीरे मूर्त रूप ले रहा है।उन्होंने कहा कि कैथ लैब के शुरू होने से हृदय रोगियों के इलाज की दिशा में अस्पताल ने एक महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ाया है। इससे क्षेत्र के मरीजों को हृदय संबंधी जांच और उपचार के लिए दूसरे शहरों की ओर जाने की जरूरत कम होगी।

2027 में शुरू होगा एक और मेडिकल कॉलेज अस्पताल

मदन मोहन सिंह ने बताया कि समूह का अगला लक्ष्य टाटा-रांची नेशनल हाईवे पर निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज अस्पताल को वर्ष 2027 में शुरू करना है।उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में सुविधाओं के विस्तार के साथ लोगों को बेहतर और आधुनिक चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने पर लगातार काम किया जा रहा है।

800 से अधिक बेड वाला अस्पताल

नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में 800 से अधिक बेड की सुविधा है। यहां 24 घंटे इमरजेंसी सेवा के साथ विभिन्न चिकित्सा विभाग संचालित हैं।मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की 100 सीटें हैं। कैथ लैब के शुरू होने के बाद आदित्यपुर, सरायकेला-खरसावां और आसपास के क्षेत्रों के हृदय रोगियों को स्थानीय स्तर पर बेहतर चिकित्सा सुविधा मिलने की उम्मीद है।

कार्यक्रम में ये अधिकारी रहे मौजूद

उद्घाटन समारोह में उपायुक्त नितीश कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी, प्राचार्य प्रो. डॉ. केदार नाथ सिंह समेत संस्थान के चिकित्सक, कर्मचारी और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

Exit mobile version