जमशेदपुर: विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितता, भ्रष्टाचार और धांधली के विरोध में भाजपा जमशेदपुर महानगर की ओर से जिला उपायुक्त कार्यालय के समक्ष आक्रोश प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए भर्ती परीक्षाओं की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
मधु कोड़ा और दिनेश गोस्वामी रहे मौजूद
प्रदर्शन कार्यक्रम में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा और भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिनेश गोस्वामी मुख्य रूप से मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों की सीबीआई जांच कराने और आंदोलन कर रहे युवाओं के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी वापस लेने की मांग उठाई।
मधु कोड़ा बोले- भर्ती घोटालों से युवाओं का भविष्य प्रभावित
सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने कहा कि राज्य के युवाओं का भविष्य भर्ती परीक्षाओं में होने वाली कथित अनियमितताओं और घोटालों की वजह से प्रभावित हो रहा है।उन्होंने आरोप लगाया कि भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता की कमी के कारण लाखों अभ्यर्थियों में निराशा और आक्रोश है। उन्होंने कहा कि युवाओं को न्याय दिलाने के लिए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जरूरी है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
युवाओं पर दर्ज प्राथमिकी वापस लेने की मांग
भाजपा नेताओं ने आंदोलन कर रहे युवाओं पर दर्ज मामलों को लेकर भी सरकार से सवाल उठाए। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ आवाज उठाने वाले युवाओं पर दर्ज प्राथमिकी वापस ली जाए।वक्ताओं ने कहा कि युवाओं के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन
प्रदर्शन के बाद भाजपा के प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में भर्ती परीक्षाओं में सामने आई कथित अनियमितताओं की सीबीआई जांच कराने और आंदोलनकारी युवाओं पर दर्ज मामलों को वापस लेने की मांग की गई।
