Bihar: बाढ़ के बीच नाव पर निकली बारात, दूल्हा-दुल्हन ने नाव से किया सफर

कटिहार: बिहार के कटिहार में बाढ़ की त्रासदी के बीच एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जो मुश्किल हालात में भी जिंदगी की खुशियों को बनाए रखने का संदेश देती है। जिले के चार प्रखंड बाढ़ की चपेट में हैं। कई इलाकों में घरों में पानी घुस गया है, जबकि सड़क और रास्ते जलमग्न हैं। इसी बीच शहनाई गूंजी और नाव पर बारात निकली।

सड़क डूबी तो नाव से निकली बारात

मामला मनिहारी प्रखंड के कालीगंज का है। यहां रहने वाले मोहम्मद शफीक की शादी बरारी प्रखंड के सुखासन पंचायत के ठोठीबाग निवासी फरहद के साथ तय हुई थी।शादी का दिन आया तो रास्ते में बाढ़ का पानी जमा था। सड़क मार्ग से बारात ले जाना मुश्किल था। ऐसे में शफीक और उनके परिजनों ने नाव का सहारा लिया। दूल्हा और बाराती नाव पर सवार होकर दुल्हन के घर के लिए रवाना हुए।

बाढ़ के पानी के बीच नाव पर दिखीं शादी की खुशियां

चारों तरफ फैला बाढ़ का पानी और बीच में सजी नाव पर दूल्हा और बाराती—यह नजारा लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया। मुश्किल परिस्थितियों के बावजूद परिवार ने शादी की रस्मों को रोकने के बजाय नाव से बारात निकालने का फैसला किया।इसके बाद दूल्हा शफीक और दुल्हन फरहद का निकाह संपन्न हुआ।

निकाह के बाद नाव से विदा हुई दुल्हन

निकाह के बाद दुल्हन फरहद भी नाव पर सवार हुईं। वह शफीक के साथ उसी नाव से अपने नए घर के लिए रवाना हुईं।इस दौरान बाढ़ प्रभावित इलाके में नाव पर दूल्हा-दुल्हन के सफर का नजारा लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।

दूल्हे ने कहा- परेशानी है, लेकिन जिंदगी रुकनी नहीं चाहिए

शफीक ने बताया कि बाढ़ की वजह से काफी परेशानी है, लेकिन शादी की तारीख पहले से तय थी। इसलिए उन्होंने नाव से बारात लेकर दुल्हन के घर पहुंचने का फैसला किया।परिजन जहांगीर आलम ने कहा कि हालात मुश्किल जरूर हैं, लेकिन निकाह अच्छे से संपन्न होने की खुशी है।

बाढ़ के बीच बारात ने दिया जिंदगी का संदेश

कटिहार में बाढ़ के बीच निकली यह नाव वाली बारात सिर्फ एक शादी का दृश्य नहीं रही, बल्कि मुश्किल परिस्थितियों के बीच उम्मीद और हौसले की तस्वीर बन गई।रास्ते डूब जाएं तो नाव सही, लेकिन जिंदगी रुकनी नहीं चाहिए।

Exit mobile version