कोलकाता: पश्चिम बंगाल में दुर्गापूजा को लेकर मुख्यमंत्री ने कई बड़े दिशा-निर्देश और घोषणाएं की हैं। पूजा के उद्घाटन, डीजे , विसर्जन, पूजा कार्निवल, सरकारी अनुदान, बिजली, शराब की दुकानों और यातायात व्यवस्था को लेकर सरकार ने कई अहम फैसले बताए हैं।मुख्यमंत्री ने पूजा समितियों से प्रशासन की ओर से तय नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि दुर्गापूजा के आयोजन के दौरान कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था को प्रभावित नहीं किया जाना चाहिए।
मातृ पक्ष शुरू होने से पहले पूजा उद्घाटन उचित नहीं
मुख्यमंत्री ने कहा कि मातृ पक्ष शुरू होने से पहले दुर्गापूजा का उद्घाटन करना उचित नहीं है। उन्होंने पूजा समितियों से धार्मिक परंपराओं और निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की।
दुर्गापूजा और विसर्जन में डीजे पर रोक
दुर्गापूजा के दौरान डीजे बजाने की अनुमति नहीं होगी। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि विसर्जन के दौरान भी डीजे नहीं बजाया जा सकेगा।उन्होंने पूजा समितियों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और शांतिपूर्ण तरीके से पूजा आयोजन एवं विसर्जन संपन्न कराने की अपील की।
मां दुर्गा की प्रतिमा के 11 हाथ वाले विज्ञापन पर जताई नाराजगी
मां दुर्गा की प्रतिमा में 11 हाथ दिखाए जाने वाले एक विज्ञापन के मामले पर मुख्यमंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित विज्ञापन एजेंसी को चेतावनी दिए जाने की बात कही।मुख्यमंत्री ने इस मामले में सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी। उन्होंने कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री के तौर पर वह इस गलती के लिए क्षमा मांगते हैं और भविष्य में सरकार इस तरह के मामलों को लेकर सावधानी बरतेगी।
इस साल नहीं होगा पूजा कार्निवल
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि इस वर्ष पूजा कार्निवल आयोजित नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दुर्गापूजा के दौरान प्रशासन द्वारा तय नियमों और व्यवस्थाओं का पालन किया जाएगा।
महालया पर ईडन गार्डन में होगा विशेष कार्यक्रम
महालया के अवसर पर कोलकाता के ईडन गार्डन में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाने की बात कही गई है। इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आमंत्रित किए जाने की जानकारी दी गई।करीब चार घंटे के इस विशेष कार्यक्रम में ड्रोन शो समेत कई आकर्षण शामिल होने की बात कही गई है।
13 प्रमुख सड़कों को बंद कर पूजा आयोजन पर रोक
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूजा आयोजन के नाम पर रेड रोड, स्ट्रैंड रोड समेत 13 प्रमुख सड़कों को बंद नहीं किया जा सकता।उन्होंने कहा कि पूजा का आयोजन इस तरह होना चाहिए, जिससे शहर की यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो और आम लोगों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
दुर्गापूजा समितियों को इस साल बिजली मुफ्त
पूजा समितियों को आर्थिक राहत देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस साल दुर्गापूजा के लिए बिजली पूरी तरह मुफ्त रहेगी।इस फैसले से पूजा समितियों पर आने वाला बिजली खर्च कम होने की उम्मीद है।
जरूरतमंद पूजा समितियों को मिलेगा 1 लाख रुपये का अनुदान
मुख्यमंत्री ने बड़े बजट वाली पूजा समितियों से अपील की कि वे सरकार की ओर से मिलने वाला अनुदान न लें, ताकि आर्थिक रूप से जरूरतमंद समितियों को इसका लाभ मिल सके।उन्होंने कहा कि जिन पूजा समितियों को आर्थिक सहायता की आवश्यकता होगी, उन्हें सरकार की ओर से 1 लाख रुपये का अनुदान दिया जाएगा। यह सहायता वैकल्पिक होगी। जरूरतमंद आयोजक स्थानीय पुलिस स्टेशन में आवेदन कर राशि प्राप्त कर सकेंगे।
दुर्गा अष्टमी पर बंद रहेंगी शराब की दुकानें
मुख्यमंत्री ने बताया कि दुर्गा अष्टमी के दिन राज्य में शराब की दुकानें बंद रहेंगी। प्रशासन की ओर से इसके लिए आवश्यक व्यवस्था किए जाने की बात कही गई है।
सरकारी कर्मचारियों को पूजा के बाद दो दिन की पेड छुट्टी
सरकारी कर्मचारियों को भी पूजा के बाद राहत देने की घोषणा की गई है। मुख्यमंत्री के अनुसार, आपातकालीन सेवाओं से जुड़े कर्मचारियों को छोड़कर सरकारी कर्मचारियों के लिए पूजा के बाद दो दिन की पेड छुट्टी रहेगी।
