सीवान/बड़हरिया : सीवान जिले के जामो थाना क्षेत्र अंतर्गत आलमपुर गांव में शुक्रवार शाम पटाखा बनाने के दौरान एक भीषण विस्फोट हो गया। इस दर्दनाक हादसे में करीब 7 लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार मृतकों में पटाखा कारोबारी अमीरुद्दीन, उनकी तीन पोतियां, एक पोता और दो मजदूर शामिल हैं।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंच गई है तथा राहत एवं बचाव कार्य तेजी से चलाया जा रहा है।
तेज धमाकों से थर्राया इलाका, घर का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शुक्रवार शाम करीब साढ़े पांच बजे अचानक तेज धमाकों की आवाज से पूरा गांव दहल उठा। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। कुछ ही देर में पता चला कि यह भीषण विस्फोट पटाखा कारोबारी अमीरुद्दीन के घर के भीतर हो रहा था, जहां रोजाना की तरह अवैध रूप से पटाखे बनाए जा रहे थे। विस्फोट इतना भयानक था कि मकान का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि कुछ शवों के चीथड़े उड़कर घर के बाहर जा गिरे, जिससे घटनास्थल पर बेहद खौफनाक मंजर देखने को मिला।
“मलबे में दबे हो सकते हैं अन्य लोग”: प्रशासन
इस भीषण हादसे को लेकर सीवान के जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि अभी तक घटनास्थल से दो-तीन लोगों के शव ही आधिकारिक रूप से बरामद किए जा सके हैं। प्रशासन का मानना है कि मलबे के नीचे और भी लोग दबे हो सकते हैं। बचाव दल सावधानी के साथ घर के भीतर प्रवेश कर रहा है।घर के भीतर भारी मात्रा में रखे पटाखों में रह-रहकर हो रहे छोटे धमाकों के कारण राहत और बचाव कार्य में शुरुआती कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। पूरी तरह छानबीन और मलबा हटाने के बाद ही मृतकों की सही संख्या की पुष्टि हो पाएगी।
बहू की बाल-बाल बची जान, गांव में पसरा मातम
इस वीभत्स हादसे के बीच एक राहत भरी खबर यह रही कि आग लगने की भनक लगते ही पटाखा कारोबारी अमीरुद्दीन की बहू किसी तरह सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रही, जिससे उसकी जान बच गई।हादसे के बाद पूरे गांव में चीख-पुकार मच गई और भारी मातम पसरा हुआ है। पुलिस यह जांच करने में जुटी है कि इस आवासीय इलाके में अवैध रूप से पटाखों का निर्माण और भंडारण कैसे किया जा रहा था।
