रांची: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की सीजीएल प्रतियोगिता परीक्षा में कथित पेपर लीक मामले की जांच कर रही सीआईडी की एसआईटी ने शुक्रवार को आयोग के नामकुम स्थित कार्यालय में दस्तावेजों की जांच की। एसआईटी लगातार दूसरे दिन जेएसएससी कार्यालय पहुंची और मामले से जुड़े दस्तावेजों का सत्यापन कराया।
जेएसएससी सचिव के सामने दस्तावेजों का सत्यापन
जांच के दौरान एसआईटी ने जेएसएससी के सचिव सुधीर गुप्ता के सामने विभिन्न दस्तावेजों का सत्यापन कराया। पूछताछ और जांच के दौरान जैसे-जैसे नई जानकारियां सामने आ रही हैं, उसी आधार पर संदिग्धों और आरोपितों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं तथा संबंधित दस्तावेजों की जांच की जा रही है।एसआईटी परीक्षा से जुड़े रिकॉर्ड और अभ्यर्थियों की गतिविधियों से संबंधित जानकारियों को भी खंगाल रही है।
22 संदिग्ध अभ्यर्थियों को फिर नोटिस
शुक्रवार को एसआईटी ने 22 संदिग्ध अभ्यर्थियों को नोटिस भेजकर पूछताछ के लिए बुलाया। सभी से पूछताछ की गई।अब तक जांच एजेंसी करीब 250 संदिग्धों और सफल अभ्यर्थियों के बयान दर्ज कर चुकी है। संदिग्ध सफल अभ्यर्थियों से उनके परीक्षा केंद्र, मोबाइल नंबर और परीक्षा के दौरान संपर्क में रहे लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।
मोबाइल बातचीत और परीक्षा केंद्र की भी जांच
एसआईटी यह पता लगाने में जुटी है कि परीक्षा के दौरान संदिग्ध अभ्यर्थियों की किन-किन लोगों से बातचीत हुई थी। उनके मोबाइल नंबर और अन्य संबंधित जानकारियों के आधार पर संपर्कों का ब्यौरा खंगाला जा रहा है।जांच एजेंसी कथित पेपर लीक की पूरी कड़ी को जोड़ने के लिए अभ्यर्थियों के बयानों और दस्तावेजों का मिलान कर रही है।
आईसीएन के दोनों कर्मियों की रिमांड शनिवार को होगी खत्म
जेएसएससी सीजीएल परीक्षा संचालन से जुड़ी एजेंसी आईसीएन के दिल्ली से गिरफ्तार किए गए दोनों कर्मियों सोमांश प्रकाश और राहुल कुमार की रिमांड शनिवार दोपहर समाप्त होगी।सीआईडी ने दोनों आरोपितों से आठ दिनों तक रिमांड पर पूछताछ की है। पूछताछ के दौरान कथित पेपर लीक से जुड़े बिंदुओं, सिंडिकेट और उसमें शामिल लोगों के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया गया।
पूछताछ के बाद जेल भेजे जा सकते हैं दोनों आरोपित
रिमांड अवधि पूरी होने के बाद सीआईडी दोनों आरोपितों को रांची स्थित सीआईडी की विशेष अदालत में पेश करेगी। बताया जा रहा है कि शनिवार को पूछताछ पूरी होने के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा सकता है।सीआईडी दोनों आरोपितों की भूमिका के साथ-साथ कथित पेपर लीक सिंडिकेट में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
पेपर लीक मामले में जांच का दायरा बढ़ा
जेएसएससी सीजीएल कथित पेपर लीक मामले में एसआईटी की जांच लगातार आगे बढ़ रही है। संदिग्ध अभ्यर्थियों से पूछताछ, दस्तावेजों का सत्यापन और मोबाइल संपर्कों की पड़ताल के जरिए जांच एजेंसी मामले की पूरी कड़ी सामने लाने का प्रयास कर रही है।
