Jharkhand: रांची मेन रोड स्थित सफा अपार्टमेंट में लगी आग से लाखों का सामान जलकर राख, मोमबत्ती से आग लगने की आशंका

रांची: राजधानी रांची के मेन रोड स्थित सफा अपार्टमेंट में मंगलवार को भीषण अग्निकांड की घटना सामने आई। अपार्टमेंट के पहले तल्ले पर स्थित फ्लैट नंबर 101 में अचानक आग लगने से परिसर में अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आने से फ्लैट में रखा लाखों रुपये का घरेलू सामान जलकर राख हो गया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

बिजली गुल होने के दौरान मोमबत्ती से आग लगने की आशंका

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना के समय इलाके में बिजली गुल थी। ऐसे में रोशनी के लिए फ्लैट में मोमबत्ती जलाई गई थी। आशंका जताई जा रही है कि इसी जलती हुई मोमबत्ती के कारण आग लगी और देखते ही देखते उसने विकराल रूप ले लिया। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

तीसरी मंजिल के निवासी ने दी आग लगने की सूचना

अपार्टमेंट की तीसरी मंजिल पर रहने वाले एक स्थानीय निवासी ने बताया कि सुबह अचानक फ्लैट की खिड़की और वेंटिलेशन से धुआं निकलता दिखाई दिया। स्थिति को समझते ही उन्होंने तुरंत संबंधित लोगों को इसकी जानकारी दी।इसके बाद स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया। लेकिन आग की लपटें तेज होने के कारण उन्होंने अग्निशमन विभाग को सूचना दी।

दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। अग्निशमन कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से लपटों को आसपास के अन्य फ्लैटों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।इस अग्निकांड में फ्लैट के अंदर रखा घरेलू सामान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। फिलहाल, घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों और नुकसान का विस्तृत आकलन किया जाना बाकी है।

Exit mobile version