चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत बोदरा चौक पर दो भाइयों के बीच हुए विवाद में छोटे भाई की हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि बड़े भाई ने लोहे की रॉड से हमला कर अपने छोटे भाई की जान ले ली। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
विवाद के बाद लोहे की रॉड से किया हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बोदरा चौक के पास किसी बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच कहासुनी हुई थी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान बड़े भाई अनिल कालुंडिया (51) ने पास में रखी लोहे की रॉड से अपने छोटे भाई राकेश कालुंडिया के सिर पर हमला कर दिया।हमले में राकेश के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। बताया जा रहा है कि उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। आरोपी अनिल कालुंडिया पश्चिमी सिंहभूम जिले के मंझारी थाना क्षेत्र अंतर्गत सिन्नी का निवासी है। उसके पिता का नाम स्वर्गीय मथुरा कालुंडिया बताया गया है।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया
घटना की सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद शव को अपने कब्जे में लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई।पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अनिल कालुंडिया को हिरासत में ले लिया है। उससे घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
हत्या के कारणों की जांच जारी
फिलहाल दोनों भाइयों के बीच विवाद किस बात को लेकर हुआ था, इसका आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
