Jharkhand: हजरत कुतुबुद्दीन रिसालदार बाबा के 219वें उर्स में शामिल हुए सीएम हेमंत सोरेन, चादरपोशी कर मांगी अमन-चैन की दुआ

रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन रविवार को रांची के डोरंडा स्थित हजरत कुतुबुद्दीन रिसालदार बाबा की मजार पर आयोजित 219वें उर्स में शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने परंपरा के अनुरूप मजार पर चादरपोशी की और राज्य की सुख-समृद्धि, अमन-चैन, प्रगति एवं खुशहाली के लिए दुआ मांगी।
प्रेम और भाईचारे का संदेश देती हैं बाबा की शिक्षाएं
उर्स के अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि हजरत कुतुबुद्दीन रिसालदार बाबा की शिक्षाएं प्रेम, भाईचारे, इंसानियत और आपसी सौहार्द का संदेश देती हैं। उन्होंने कहा कि बाबा की शिक्षाएं समाज में शांति और सद्भाव की भावना को मजबूत करने की प्रेरणा देती हैं।
राज्य की खुशहाली और अमन-चैन की कामना
मुख्यमंत्री ने उर्स के पाक मौके पर झारखंडवासियों के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। उन्होंने राज्य में आपसी भाईचारा, सामाजिक सद्भाव और एकजुटता की भावना और अधिक मजबूत होने की दुआ की।उन्होंने उर्स में शामिल सभी अकीदतमंदों के साथ-साथ राज्यवासियों को भी उर्स की शुभकामनाएं दीं।



