Jharkhand: रामगढ़ में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिठाई दुकानों से लिए नमूने, 40 लीटर एक्सपायर्ड दूध कराया नष्ट

रामगढ़। आगामी त्योहारों को देखते हुए रामगढ़ जिला प्रशासन ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए जांच अभियान तेज कर दिया है। उपायुक्त ऋतुराज के निर्देशानुसार खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिले के होटल और मिठाई प्रतिष्ठानों में औचक जांच अभियान चलाया।इसी क्रम में सुभाष चौक स्थित न्यू पूनम स्वीट्स और शालीमार स्वीट्स का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, साफ-सफाई और संबंधित दस्तावेजों की जांच की गई।
मोतीचूर के लड्डू और पेड़ा का लिया गया सैंपल
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जांच के दौरान शालीमार स्वीट्स से मोतीचूर के लड्डू और न्यू पूनम स्वीट्स से पेड़ा का नमूना लिया।दोनों खाद्य नमूनों को गुणवत्ता जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला, नामकुम भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।
शालीमार स्वीट्स में मिला 40 लीटर एक्सपायर्ड दूध
औचक जांच के दौरान शालीमार स्वीट्स में 40 लीटर एक्सपायर्ड दूध पाया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने इसे गंभीरता से लेते हुए मौके पर ही एक्सपायर्ड दूध को नष्ट करा दिया।विभाग ने स्पष्ट किया कि खाद्य प्रतिष्ठानों में एक्सपायर्ड सामग्री का इस्तेमाल किसी भी स्थिति में नहीं किया जाना चाहिए।
होटल और मिठाई दुकानदारों को साफ-सफाई की सख्त हिदायत
खाद्य सुरक्षा विभाग ने न्यू पूनम स्वीट्स, शालीमार स्वीट्स सहित जिले के सभी होटल और मिठाई प्रतिष्ठान संचालकों को साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।साथ ही प्रतिष्ठान संचालकों को गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री का इस्तेमाल करने और किसी भी प्रकार की एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री का उपयोग नहीं करने की सख्त हिदायत दी गई है।
प्रतिष्ठानों के दस्तावेजों की भी हुई जांच
औचक निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने प्रतिष्ठानों से जुड़े आवश्यक दस्तावेजों की भी जांच की। विभाग का उद्देश्य त्योहारों के दौरान लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।
त्योहारों के दौरान आगे भी जारी रहेगा जांच अभियान
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि आगामी त्योहारों को देखते हुए होटल, मिठाई दुकानों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों में इस तरह का औचक जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।जांच टीम में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी मो. मंजर हुसैन, डेरिक तिग्गा और खाद्य सुरक्षा कार्यालय के लुकेश रवानी शामिल थे।



