Jharkhand: जमशेदपुर में 59 किलो गांजा बरामद, एंटी क्राइम चेकिंग के दौरान 6 आरोपी गिरफ्तार

जमशेदपुर: नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ जमशेदपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में एंटी क्राइम चेकिंग के दौरान पुलिस ने दो वाहनों से 59 किलो गांजा बरामद किया है। बरामद गांजा की अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई जा रही है।पुलिस ने इस मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों से पूछताछ के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

रात 2 बजे से 4 बजे तक चल रही थी एंटी क्राइम चेकिंग

एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारीब ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि बीती रात सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के एग्रीको स्थित लिट्टी चौक पर रात करीब 2 बजे से सुबह 4 बजे तक एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था।इसी दौरान करीब ढाई बजे एक मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति पुलिस की चेकिंग देखकर भागने लगा। पुलिस टीम ने उसका पीछा शुरू किया। इसी बीच एक बोलेरो वाहन भी तेज रफ्तार से उसी दिशा में भागने लगा।

पीछा कर मोटरसाइकिल और बोलेरो को पकड़ा

संदेह होने पर पुलिस टीम ने दोनों वाहनों का पीछा किया और उन्हें पकड़ लिया। इसके बाद वाहनों की तलाशी ली गई, जिसमें से कुल 59 किलो गांजा बरामद किया गया।पुलिस के अनुसार, बरामद गांजा की अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये है।

ओडिशा से गांजा लाकर जमशेदपुर में करते थे सप्लाई

पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने कथित तौर पर पुलिस को बताया कि वे ओडिशा से गांजा लेकर जमशेदपुर आते थे। यहां गांजा को छोटी-छोटी मात्रा में बांटकर अलग-अलग क्षेत्रों में बिक्री और सप्लाई की जाती थी।पुलिस अब इस मामले में गांजा की सप्लाई चेन और इससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

कई आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं आपराधिक मामले

गिरफ्तार आरोपियों में राजू राव उर्फ अप्पा, गणेश प्रसाद, संतोष कुमार और लालचंद दास समेत अन्य लोग शामिल हैं। पुलिस के अनुसार इनमें से कुछ आरोपियों के खिलाफ पूर्व से भी विभिन्न आपराधिक मामले दर्ज हैं।एसएसपी ने कहा कि जमशेदपुर पुलिस का नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। आवश्यक पूछताछ और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

Exit mobile version