Bihar: भरत तिवारी के परिवार से मिले पवन सिंह, राखी बंधवाकर न्याय दिलाने का दिया भरोसा

आरा: भोजपुर जिले के बिलौटी गांव में 17 जून को कथित एनकाउंटर में मारे गए भरत भूषण तिवारी के परिवार से मिलने सोमवार सुबह भोजपुरी अभिनेता, पावर स्टार और विधान पार्षद पवन सिंह पहुंचे। उन्होंने करीब डेढ़ घंटे तक परिवार के साथ समय बिताया, घटना की जानकारी ली और न्याय की लड़ाई में परिवार के साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया।

भरत तिवारी के चित्र पर पवन सिंह ने अर्पित की पुष्पांजलि

पवन सिंह के अचानक बिलौटी गांव पहुंचने की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग भी भरत तिवारी के घर पहुंचने लगे। परिवार के सदस्यों से मुलाकात से पहले पवन सिंह ने भरत भूषण तिवारी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।इसके बाद उन्होंने मृतक के माता-पिता, भाई और अन्य परिजनों से घटना से जुड़ी जानकारी ली।

राखी बांधकर बहन ने मांगा भाई के लिए न्याय

मुलाकात के दौरान भरत तिवारी की बहन और भतीजी ने पवन सिंह को राखी बांधी और उन्हें भाई का दर्जा दिया। पवन सिंह ने राखी के अवसर पर नेग भी दिया।इस दौरान भरत तिवारी की बहन ने भावुक होकर कहा कि उनके लिए सबसे बड़ा और असली नेग उनके भाई को न्याय मिलना होगा।

पवन सिंह बोले- परिवार के साथ खड़ा हूं

पवन सिंह ने परिवार को भरोसा दिलाया कि वह इस मामले में उनके साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी ने अपराध किया है तो उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए और पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए।भरत तिवारी की मां आशा देवी के अनुसार, पवन सिंह ने उनसे कहा कि वह न्याय की लड़ाई में परिवार के साथ रहेंगे। परिवार के सदस्यों ने कथित एनकाउंटर में शामिल दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी रखी।

पिता और भाई ने जताई न्याय मिलने की उम्मीद

भरत तिवारी के पिता काशीनाथ तिवारी और भाई चंदन तिवारी ने भी पवन सिंह से मुलाकात के बाद न्याय मिलने की उम्मीद जताई। परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग दोहराई।

पहले मनोज तिवारी और खेसारीलाल यादव भी पहुंच चुके हैं

भरत तिवारी के परिवार से मिलने इससे पहले भोजपुरी अभिनेता और सांसद मनोज तिवारी तथा अभिनेता खेसारीलाल यादव भी बिलौटी गांव पहुंच चुके हैं। इसके बाद से पवन सिंह के भी परिवार से मिलने पहुंचने की चर्चा थी।बताया गया कि प्रयागराज से पटना लौटने के क्रम में पवन सिंह बिलौटी गांव पहुंचे और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

Exit mobile version