Sports: हॉकी वर्ल्ड कप 2026 में भारत ने पाकिस्तान को 5-3 से रौंदा, दूसरे दौर में पहुंची टीम इंडिया

स्पोर्ट्स डेस्क : हॉकी वर्ल्ड कप 2026 के हाई-वोल्टेज मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 5-3 से हराकर शानदार जीत दर्ज की। वागेनर हॉकी स्टेडियम में खेले गए पूल-D के इस मुकाबले में भारतीय टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया और जीत के साथ टूर्नामेंट के अगले दौर में जगह पक्की कर ली। भारत पूल-D में इंग्लैंड के बाद दूसरे स्थान पर रहा।

पहले क्वार्टर में भारत ने बनाई 2-0 की बढ़त

भारत ने मैच की शुरुआत से ही पाकिस्तान पर दबाव बनाया। छठे मिनट में मिले पेनल्टी कॉर्नर को कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने शानदार ड्रैग-फ्लिक के जरिए गोल में बदलकर भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई।इसके बाद पाकिस्तान को एक और झटका लगा, जब मोहम्मद हम्मादुद्दीन को ग्रीन कार्ड दिखाया गया। भारत ने इसका फायदा उठाते हुए 11वें मिनट में मंदीप सिंह के गोल से स्कोर 2-0 कर दिया।

हरमनप्रीत ने दागा दूसरा गोल

दूसरे क्वार्टर में भी भारत का दबदबा जारी रहा। एक और पेनल्टी कॉर्नर पर हरमनप्रीत सिंह ने गोल करते हुए अपना दूसरा गोल दागा और भारत को 3-0 से आगे कर दिया।पाकिस्तान ने हन्नान शाहिद के गोल से वापसी की कोशिश की, लेकिन भारतीय टीम ने तुरंत जवाब दिया। अभिषेक ने गोल कर भारत की बढ़त फिर तीन गोल की कर दी। इसके बाद पाकिस्तान के सूफयान खान ने गोल किया और स्कोर 4-2 हो गया।

हार्दिक सिंह ने पेनल्टी स्ट्रोक पर किया गोल

तीसरे क्वार्टर में पाकिस्तान ने वापसी की कोशिश की, लेकिन भारत ने अपना दबदबा बनाए रखा। भारतीय खिलाड़ी आदित्य लालगे को फाउल किए जाने के बाद भारत को पेनल्टी स्ट्रोक मिला।हार्दिक सिंह ने मौके को गोल में बदलकर भारत की बढ़त 5-2 कर दी। इससे भारत एक बार फिर मजबूत स्थिति में पहुंच गया।

चौथे क्वार्टर में पाकिस्तान की कोशिश नाकाम

आखिरी क्वार्टर में पाकिस्तान ने तेज शुरुआत की। हन्नान शाहिद ने अपना दूसरा गोल कर स्कोर 5-3 कर दिया। इसके बाद पाकिस्तान ने लगातार भारतीय डिफेंस पर दबाव बनाने की कोशिश की, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने धैर्य बनाए रखा और कोई और गोल नहीं होने दिया।आखिरी सीटी बजते ही भारत ने 5-3 से मुकाबला अपने नाम कर लिया।

भारत के लिए क्यों अहम थी यह जीत?

भारत ने टूर्नामेंट में अपने अभियान की शुरुआत वेल्स को 3-1 से हराकर की थी, जबकि इंग्लैंड के खिलाफ उसे 2-4 से हार मिली थी। पाकिस्तान के खिलाफ जीत के साथ भारत ने पूल-D में छह अंक हासिल किए और दूसरे स्थान पर रहते हुए अगले दौर में प्रवेश किया।वहीं पाकिस्तान के लिए यह मुकाबला बेहद महत्वपूर्ण था। इंग्लैंड से हार और वेल्स के खिलाफ ड्रॉ के बाद उसके पास सिर्फ एक अंक था। भारत से हार के साथ पाकिस्तान का हॉकी वर्ल्ड कप अभियान समाप्त हो गया।

भारत की जीत के हीरो

हरमनप्रीत सिंह – 2 गोल
मंदीप सिंह – 1 गोल
अभिषेक – 1 गोल
हार्दिक सिंह – 1 गोल

भारत अब वर्ल्ड कप के दूसरे दौर में अपनी चुनौती जारी रखेगा। टूर्नामेंट 15 से 30 अगस्त 2026 तक बेल्जियम और नीदरलैंड्स में खेला जा रहा है।

Exit mobile version