Jharkhand: जामताड़ा में वेंटिलेटर तोड़कर बंद घर में चोरो ने किया हाथ साफ़, लाखों के जेवरात गायब

जामताड़ा: शहर के राजबाड़ी में धनबाद रेल जीआरपी में एसआई के पद पर कार्यरत सुभाष मुर्मू के बंद घर में चोरी की घटना सामने आई है। चोरों ने स्टोर रूम का वेंटिलेटर तोड़कर घर में प्रवेश किया और अलमारी तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात समेत अन्य सामान चोरी कर लिए। चोरी हुए सामान की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।

वेंटिलेटर तोड़कर घर में घुसे चोर

बताया गया कि सुभाष मुर्मू रविवार सुबह अपने पैतृक घर गोड्डा जिले के राजाभीठा थाना क्षेत्र के धमनी गांव गए थे। सोमवार शाम घर लौटने पर उन्हें चोरी की जानकारी मिली।घर की जांच करने पर स्टोर रूम का वेंटिलेटर टूटा हुआ मिला। वहीं, कमरे में रखी अलमारी भी टूटी थी। अलमारी में रखे सोने की एक अंगूठी, सोने के तीन टॉप्स, चांदी की सिकड़ी समेत अन्य सामान गायब मिले।

अंतिम संस्कार में शामिल होने गांव गया था पूरा परिवार

जानकारी के अनुसार, सुभाष मुर्मू के भांजे का निधन हो गया था। उसके अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए पूरा परिवार पैतृक गांव गया था। इसी दौरान बंद घर को निशाना बनाकर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया।

बहन ने थाने में दिया लिखित आवेदन

मामले में पीड़ित जीआरपी एसआई सुभाष मुर्मू की बहन उर्मिला मुर्मू ने जामताड़ा थाना में लिखित आवेदन देकर घटना की जानकारी दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और चोरों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।सुभाष मुर्मू वर्तमान में धनबाद रेल जीआरपी में एसआई के पद पर कार्यरत हैं।

Exit mobile version