Jharkhand: जमशेदपुर में दुर्गा पूजा को लेकर प्रशासन और पूजा समितियों की बैठक, व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने पर जोर

जमशेदपुर: दुर्गा पूजा की तैयारियों को लेकर सोमवार को केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति और जिला प्रशासन की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की विभिन्न लाइसेंसी दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान पूजा आयोजन के दौरान आने वाली समस्याओं और आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन के समक्ष कई महत्वपूर्ण बिंदु रखे गए।

बिजली, साफ-सफाई और यातायात व्यवस्था का मुद्दा उठा

पूजा समितियों के प्रतिनिधियों ने बिजली, साफ-सफाई, सड़क, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था समेत पूजा के दौरान होने वाली विभिन्न व्यावहारिक समस्याओं से जिला प्रशासन को अवगत कराया। प्रतिनिधियों ने कहा कि यदि आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं तो दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।

श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा प्राथमिकता

बैठक में जिला प्रशासन के अधिकारियों ने पूजा समितियों की ओर से उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से सुना। अधिकारियों ने समस्याओं के जल्द समाधान का आश्वासन देते हुए कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता रहेगी।अधिकारियों ने कहा कि पूजा समितियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर आवश्यक व्यवस्थाओं को समय पर पूरा कराया जाएगा, ताकि पूजा के दौरान व्यवस्था सुचारू बनी रहे।

शांतिपूर्ण पूजा आयोजन में सहयोग की अपील

केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति ने सभी पूजा समितियों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और शांतिपूर्ण तरीके से पूजा संपन्न कराने में सहयोग की अपील की। बैठक में प्रशासन और पूजा समितियों के बीच बेहतर समन्वय के साथ दुर्गा पूजा संपन्न कराने पर विशेष जोर दिया गया।

Exit mobile version