Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: स्वतंत्रता दिवस पर मोरहाबादी मैदान में ड्रोन उड़ाने पर रोक, सीएम हेमंत सोरेन करेंगे ध्वजारोहण

रांची। जेपीएससी -जेएसएससी परीक्षा में कथित अनियमितता को लेकर रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में करीब 21 दिनों से चल रहे छात्र आंदोलन के बीच 15 अगस्त को राजधानी में स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। रांची के ऐतिहासिक मोरहाबादी मैदान में आयोजित राजकीय समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ध्वजारोहण करेंगे।सुरक्षा के मद्देनजर इस बार मोरहाबादी मैदान में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान आम लोगों के ड्रोन उड़ाने पर रोक रहेगी। केवल संबंधित विभाग की ओर से अधिकृत ड्रोन से ही फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी की अनुमति होगी।

मोरहाबादी मैदान में ड्रोन उड़ाने पर रोक

रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री और एसएसपी राकेश रंजन की संयुक्त ब्रीफिंग में स्पष्ट किया गया कि समारोह स्थल पर आम लोगों को ड्रोन उड़ाने की अनुमति नहीं होगी। सुरक्षा व्यवस्था के तहत केवल विभाग की ओर से अधिकृत ड्रोन का इस्तेमाल किया जा सकेगा।अधिकारियों ने समारोह के दौरान सुरक्षा में तैनात सभी पदाधिकारियों और जवानों को पूरी तरह सतर्क एवं सजग रहने का निर्देश दिया है।

समारोह स्थल पर आने वाले लोगों की होगी जांच

स्वतंत्रता दिवस समारोह में आने वाले सभी आगंतुकों की निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप जांच की जाएगी। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि कोई भी अवांछित व्यक्ति या आपत्तिजनक सामग्री समारोह स्थल में प्रवेश न कर सके।राजकीय समारोह को सफल, सुरक्षित और सुचारू रूप से आयोजित करने के लिए प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग की गई।

अधिकारियों को सौंपे गए सुरक्षा और व्यवस्था के दायित्व

संयुक्त ब्रीफिंग में रांची जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री, रांची एसएसपी राकेश रंजन, ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह और अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) धनंजय ने प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को संयुक्तादेश में निर्धारित जिम्मेदारियों और आवश्यक दिशा-निर्देशों की जानकारी दी।

15 अगस्त को रांची में बदला रहेगा ट्रैफिक रूट

स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए राजधानी रांची के ट्रैफिक रूट में विशेष बदलाव किया गया है। निर्धारित रूट और पार्किंग व्यवस्था का पालन कराने के साथ आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए ट्रैफिक पुलिस को विशेष जिम्मेदारी दी गई है।

परेड में शामिल होंगी 14 टुकड़ियां

मोरहाबादी मैदान में होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह की परेड में अर्द्धसैनिक बलों, पुलिस, झारखंड जगुआर, होमगार्ड और एनसीसी की कुल 14 टुकड़ियां शामिल होंगी।परेड में सीआरपीएफ , आईटीबीपी , एसएसबी , सीआईएसएफ , ओडिशा पुलिस, झारखंड जगुआर, जैप -1, जैप -2, जैप -10, रांची जिला पुलिस की पुरुष एवं महिला टुकड़ी, झारखंड गृहरक्षा वाहिनी तथा एनसीसी की गर्ल्स और बॉयज टुकड़ियां शामिल रहेंगी।

जैप और होमगार्ड की बैंड पार्टियां देंगी प्रस्तुति

समारोह के दौरान जैप -1 ,जैप -10 और झारखंड गृहरक्षा वाहिनी की ओर से बैंड पार्टियां भी अपनी प्रस्तुति देंगी। परेड और बैंड प्रस्तुति के साथ मोरहाबादी मैदान में राजकीय स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया जाएगा।

जेपीएससी -जेएसएससी छात्र आंदोलन के बीच सुरक्षा पर विशेष फोकस

रांची में जेपीएससी -जेएसएससी परीक्षा में अनियमितता के आरोपों को लेकर छात्र आंदोलन जारी है। ऐसे समय में स्वतंत्रता दिवस के राजकीय समारोह को देखते हुए प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरत रहा है। मोरहाबादी मैदान में ड्रोन पर रोक और प्रवेश जांच समेत अन्य सुरक्षा इंतजाम इसी व्यवस्था का हिस्सा हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button