पाकुड़: पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र में चोरों ने एक के बाद एक कई घरों को निशाना बनाकर दहशत फैला दी। बड़ी अलीगंज और तिरंगा चौक इलाके में हुई घटनाओं में चोर दो घरों से लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए, जबकि एक अन्य घर में चोरी की कोशिश नाकाम रही।इस दौरान एक पुलिस जवान का चोरों से सामना भी हो गया। आरोप है कि भागते समय एक चोर ने जवान पर धारदार हथियार से हमला करने की कोशिश की। हालांकि जवान बाल-बाल बच गए।
पुलिस जवान के घर में घुसे चोर
पहली घटना जिला पुलिस बल के जवान निसार अहमद के घर की है। निसार अहमद एसपी आवास में ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान चोर ग्रिल तोड़कर उनके घर में घुस गए और सामान खंगालने लगे।ड्यूटी खत्म होने के बाद जब निसार अहमद घर पहुंचे तो उन्हें अंदर हलचल दिखाई दी। चोरों से आमना-सामना होते ही आरोपी भागने लगे। इसी दौरान एक चोर ने निसार अहमद पर धारदार हथियार से हमला करने की कोशिश की।हालांकि, निसार अहमद हमले में बाल-बाल बच गए। उनके मुताबिक, संदिग्ध चोर बोलबम के वेश में थे।
व्यवसायी के घर से लाखों के जेवरात और नकदी चोरी
दूसरी घटना बड़ी अलीगंज इलाके में व्यवसायी संजय भगत के किराए के मकान में हुई। बताया गया कि संजय भगत किसी काम से अमड़ापाड़ा गए हुए थे, जबकि उनकी पत्नी और बच्चे दूसरे कमरे में सो रहे थे।इसी दौरान चोरों ने मकान के दूसरे तल्ले का ताला तोड़ा और कमरे में रखी अलमारी से सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी कर ली। बुधवार सुबह परिवार को चोरी की जानकारी मिली।परिजनों के अनुसार चोरी गए सामान की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
अधिवक्ता के घर में चोरी की कोशिश नाकाम
वहीं, तिरंगा चौक के पास एक अधिवक्ता के घर को भी चोरों ने निशाना बनाया। हालांकि यहां चोरी करने में बदमाश सफल नहीं हो सके।लगातार हुई घटनाओं से इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग पुलिस से रात में गश्त बढ़ाने और चोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके।पुलिस का कहना है कि घटनाओं में शामिल अपराधियों की पहचान कर जल्द उनकी गिरफ्तारी की जाएगी। चोरी की वारदातों के बाद पुलिस ने इलाके में निगरानी और जांच तेज कर दी है।
