BreakingJharkhand INFACTNews

Jharkhand: टाटानगर स्टेशन पर खड़ी टाटा-दानापुर एक्सप्रेस की छत पर चढ़ा युवक, हाईटेंशन तार की चपेट में आकर झुलसा

जमशेदपुर। टाटानगर रेलवे स्टेशन पर सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब करीब 30 वर्षीय एक युवक खड़ी टाटा-दानापुर एक्सप्रेस की छत पर चढ़ गया। युवक के ट्रेन की छत पर पहुंचते ही प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों और रेलकर्मियों का ध्यान उसकी ओर गया। लोगों ने उसे नीचे उतरने के लिए काफी समझाया, लेकिन वह किसी की बात मानने को तैयार नहीं हुआ।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक की पहचान सागु राम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अचानक ट्रेन के ऊपर चढ़ गया और कुछ देर तक छत पर घूमता रहा। लोगों द्वारा रोकने की कोशिश किए जाने पर उसने कथित तौर पर ट्रेन की छत के रास्ते एक छोर से दूसरे छोर तक जाने की बात कही।

हाईटेंशन तार की चपेट में आया युवक

इसी दौरान युवक ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन विद्युत तार की चपेट में आ गया। तेज विद्युत प्रवाह की चपेट में आने से वह बुरी तरह झुलस गया और संतुलन बिगड़ने के कारण ट्रेन की छत से नीचे गिर पड़ा। हादसा होते ही स्टेशन पर मौजूद यात्रियों में हड़कंप मच गया।

रेलकर्मियों ने पहुंचाया अस्पताल

घटना के तुरंत बाद रेलकर्मियों और आसपास मौजूद लोगों ने युवक को संभाला। इसके बाद उसे आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उसका उपचार जारी है। जानकारी के अनुसार, फिलहाल युवक की हालत स्थिर बताई जा रही है।

रेलवे ने यात्रियों से की सावधानी बरतने की अपील

घटना के बाद टाटानगर स्टेशन पर कुछ समय तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। रेलवे की ओर से यात्रियों को लगातार चेतावनी दी जाती है कि वे किसी भी परिस्थिति में खड़ी ट्रेन की छत पर न चढ़ें।रेलवे ट्रैक के ऊपर से गुजरने वाले विद्युत तारों में बेहद खतरनाक वोल्टेज रहता है। इनके संपर्क में आने से व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस सकता है और उसकी जान भी जा सकती है। रेलवे ने यात्रियों से सुरक्षा नियमों का पालन करने और जान जोखिम में डालने वाली किसी भी तरह की हरकत से बचने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button