
स्पोर्ट्स डेस्क: एशियन लीजेंड्स लीग 2026 के छठे मुकाबले में इंडियन रॉयल्स ने रोमांचक मुकाबले में पाकिस्तान पैंथर्स को 2 विकेट से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। इस जीत के नायक ऑलराउंडर ऋषि धवन रहे, जिन्होंने बल्ले से शानदार अर्धशतक जड़ने के साथ गेंदबाजी में भी एक विकेट हासिल किया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान पैंथर्स ने बनाए 167 रन
टॉस जीतकर इंडियन रॉयल्स ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पाकिस्तान पैंथर्स की शुरुआत खराब रही और सलामी बल्लेबाज मोहम्मद यासिर सिर्फ 6 रन बनाकर आउट हो गए।इसके बाद कप्तान इमरान नजीर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 29 गेंदों में 47 रन बनाए। उनकी पारी में 6 चौके और 3 छक्के शामिल रहे।इबरार अट्टा और तौफीक उमर ने भी 39-39 रन का योगदान दिया, जबकि यासिर शाह ने 10 रन बनाए। निर्धारित 20 ओवर में पाकिस्तान पैंथर्स ने 6 विकेट पर 167 रन बनाए।
ऋषि धवन और सरुल कंवर ने दिलाई शानदार जीत
168 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंडियन रॉयल्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही। कप्तान नमन ओझा सिर्फ 4 रन बनाकर आउट हो गए।इसके बाद अभिषेक जलोटा ने 30 रन, जबकि ऋषि धवन ने 33 गेंदों पर 50 रन की शानदार पारी खेली। धवन ने अपनी पारी में 5 चौके और 2 छक्के लगाए।सरुल कंवर ने भी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 29 गेंदों में 46 रन बनाए, जिसमें 3 चौके और 4 छक्के शामिल रहे।अंत में अनुरीत सिंह ने सिर्फ 6 गेंदों में नाबाद 16 रन बनाकर टीम को 17.4 ओवर में 171/8 तक पहुंचाया और रोमांचक जीत दिलाई।



