Jharkhand: कोयला कारोबारी एलबी सिंह पर ईडी की बड़ी कार्रवाई; ₹160 करोड़ के म्यूचुअल फंड फ्रीज, ₹1.02 करोड़ नकद जब्त

धनबाद: धनबाद में कोयला कारोबार से जुड़े मामले में प्रवर्तन निदेशालय की बड़ी कार्रवाई को लेकर अधिकृत जानकारी सामने आई है। ईडी ने कोयला कारोबारी एलबी सिंह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनके ₹160 करोड़ के म्यूचुअल फंड फ्रीज कर दिए हैं। इसके साथ ही ₹1.02 करोड़ नकद और बड़ी संख्या में अहम दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं।ईडी की रांची जोनल ऑफिस की ओर से जारी बयान के अनुसार, 28 जुलाई को धन शोधन निवारण अधिनियम , 2002 के तहत 31 ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया। यह कार्रवाई अवैध कोयला खनन, कोयला तस्करी और कोयला चोरी से जुड़े मामलों में की गई।
इन लोगों के ठिकानों पर हुई कार्रवाई
ईडी की छापेमारी अनिल गोयल, एलबी सिंह, हरेंद्र चौहान, गणेश यादव, पप्पू मंडल, रोहित यादव, माधव सिंह समेत अन्य लोगों के ठिकानों पर की गई। सभी का संबंध धनबाद से बताया गया है।
200 से अधिक संपत्तियों के दस्तावेज मिले
सर्च ऑपरेशन के दौरान ईडी को करीब 200 अचल संपत्तियों के दस्तावेज मिले हैं। इसके अलावा कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और बुक्स ऑफ अकाउंट भी जब्त किए गए हैं। एजेंसी अब इन दस्तावेजों की जांच कर संपत्तियों और वित्तीय लेनदेन की पड़ताल करेगी।
पहले भी हो चुकी है कार्रवाई
गौरतलब है कि नवंबर 2025 में भी ईडी ने इसी मामले में धनबाद में छापेमारी की थी। ताजा कार्रवाई को उसी जांच की अगली कड़ी माना जा रहा है।



