Uttar Pradesh: आकाश आनंद की चुनावी मैदान में वापसी, 10 अगस्त को हाथरस से करेंगे मिशन-2027 का आगाज

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पार्टी के राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर आकाश आनंद एक बार फिर चुनावी मैदान में सक्रिय भूमिका निभाने जा रहे हैं।आकाश आनंद 10 अगस्त को हाथरस जिले की सादाबाद विधानसभा क्षेत्र में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान वह सादाबाद सीट से अविन शर्मा को पार्टी उम्मीदवार के रूप में घोषित करेंगे।

जेवर में भी होगी चुनावी सभा

पार्टी सूत्रों के अनुसार, आकाश आनंद का जेवर विधानसभा क्षेत्र में भी कार्यक्रम प्रस्तावित है। हालांकि, इसकी आधिकारिक घोषणा अभी नहीं की गई है।

बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर

बसपा सुप्रीमो मायावती ने मिशन-2027 को लेकर मंडलीय बैठकों पर विशेष जोर दिया है। साथ ही बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने के लिए पदाधिकारियों की जिम्मेदारियां तय की गई हैं। पार्टी का लक्ष्य संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना है।

बसपा ने शुरू की उम्मीदवारों की घोषणा

बसपा ने विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की घोषणा भी शुरू कर दी है। पहले उम्मीदवारों के नाम मंडलीय कोऑर्डिनेटर स्तर से घोषित किए जाते थे, लेकिन अब पार्टी वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में जनसभाओं के माध्यम से प्रत्याशियों के नाम घोषित कर रही है, ताकि कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया जा सके।अब तक पार्टी 10 उम्मीदवारों के नाम तय कर चुकी है। हाल के दिनों में भीखमपुर, अकबरपुर, सुल्तानपुर, पुरकाजी, सहारनपुर देहात, कानपुर देहात, मऊ गोहना और हापुड़ सहित कई सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा की जा चुकी है।

सर्वसमाज के मुद्दों पर सरकार को घेर रही बसपा

बसपा प्रमुख मायावती हाल के दिनों में अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी, कानून-व्यवस्था और अन्य जनहित के मुद्दों को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार पर लगातार निशाना साध रही हैं।पार्टी का प्रयास है कि सर्वसमाज से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता देकर प्रदेश में अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत की जाए। इसी रणनीति के तहत अब आकाश आनंद समेत अन्य वरिष्ठ नेताओं की चुनावी सक्रियता बढ़ाई जा रही है।

वोट बैंक मजबूत करने पर रहेगा फोकस

बसपा आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए अपने पारंपरिक वोट बैंक को मजबूत करने के साथ-साथ नए वर्गों तक पहुंच बनाने की रणनीति पर काम कर रही है। पार्टी संगठन विस्तार और जनसभाओं के जरिए प्रदेश में अपने पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश करेगी।

Exit mobile version