Jharkhand: हॉकी इंडिया महासचिव भोलानाथ सिंह के खिलाफ रांची में प्रदर्शन, पद से हटाने की उठी मांग

राजधानी रांची में शनिवार को हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह के खिलाफ आदिवासी संगठनों और हॉकी खिलाड़ियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी जयपाल सिंह मुंडा मैदान से पैदल मार्च करते हुए अलबर्ट एक्का चौक पहुंचे, जहां उन्होंने भोलानाथ सिंह का पुतला फूंककर विरोध दर्ज कराया।

महासचिव को पद से हटाने और निष्पक्ष जांच की मांग

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि झारखंड में महिला खिलाड़ियों के साथ कथित दुर्व्यवहार के मामलों की शिकायत हॉकी इंडिया तक पहुंचाई गई थी। उनका कहना है कि कार्रवाई करने के बजाय शिकायत उठाने वाली पूर्व भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान असुंता लकड़ा को ही कथित रूप से धमकाया गया।प्रदर्शनकारियों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और भोलानाथ सिंह को हॉकी इंडिया के महासचिव पद से हटाने की मांग की।

असुंता लकड़ा के समर्थन में उतरे खिलाड़ी और संगठन

आदिवासी संगठनों और खिलाड़ियों ने कहा कि असुंता लकड़ा ने करीब दो दशक तक भारत और झारखंड का प्रतिनिधित्व किया है। इसके बावजूद उनकी शिकायतों और चिंताओं को गंभीरता से नहीं लिया गया। प्रदर्शनकारियों ने इसे खिलाड़ियों के सम्मान और सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताया।

आदिवासी खिलाड़ियों की अनदेखी का आरोप

प्रदर्शन के दौरान यह भी आरोप लगाया गया कि हॉकी से जुड़े संगठनों में आदिवासी खिलाड़ियों की लगातार अनदेखी की जा रही है और उन्हें संगठनात्मक प्रक्रियाओं से बाहर किया जा रहा है।प्रदर्शनकारियों का कहना था कि खिलाड़ियों की सुरक्षा, सम्मान और निष्पक्ष खेल व्यवस्था सुनिश्चित करना हॉकी प्रशासन की जिम्मेदारी है।

आंदोलन तेज करने की चेतावनी

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि मामले में जल्द उचित कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक एवं तेज किया जाएगा।

Exit mobile version