चाईबासा: भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और खरसावां एवं चाईबासा विधानसभा क्षेत्र से विधानसभा चुनाव में भाजपा के प्रत्याशी रह चुके मनोज लियांगी का निधन हो गया। उनके आकस्मिक निधन से भाजपा परिवार और पश्चिमी सिंहभूम जिले में शोक की लहर दौड़ गई है। वे बीमारी के कारण जमशेदपुर स्थित टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में भर्ती थे, जहां रविवार को उन्होंने अंतिम सांस ली।
भाजपा नेताओं ने जताया गहरा शोक
मनोज लियांगी के निधन पर भाजपा जिलाध्यक्ष गीता बालमुचू, पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई, पूर्व सांसद गीता कोड़ा, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा और वरिष्ठ भाजपा नेता जेबी तुबिद सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने गहरा दुख व्यक्त किया है।शोक व्यक्त करते हुए नेताओं ने कहा कि मनोज लियांगी का निधन पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने लंबे समय तक संगठन को मजबूत बनाने के लिए समर्पित भाव से काम किया और पार्टी के विभिन्न कार्यक्रमों एवं आंदोलनों में सक्रिय भागीदारी निभाई।
संगठन के प्रति समर्पण को किया याद
भाजपा नेताओं ने कहा कि मनोज लियांगी की संगठनात्मक सक्रियता, समर्पण और पार्टी के प्रति निष्ठा हमेशा याद रखी जाएगी। उन्होंने पार्टी और समाज के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके निधन से संगठन ने एक समर्पित नेता खो दिया है।नेताओं ने कहा कि मनोज लियांगी के कार्यों और संगठन के प्रति उनके योगदान को भाजपा परिवार हमेशा स्मरण करता रहेगा।
शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदना
भाजपा नेताओं ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। साथ ही शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें इस कठिन समय में दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
