Delhi: ‘हर जिला, एक दिन, एक मांग’ अभियान के तहत प्रदर्शन का आह्वान; सरकार और सीजेपी के बीच दोपहर 12:30 बजे प्रस्तावित वार्ता पर टिकी नजरें

नई दिल्ली: केंद्र सरकार की ओर से बातचीत के प्रस्ताव के बावजूद कॉकरोच जनता पार्टी ने शुक्रवार को देशभर के प्रत्येक जिले में प्रदर्शन आयोजित करने का ऐलान किया है। संगठन ने अपने अभियान का नारा “हर जिला, एक दिन, एक मांग” रखा है और लोगों से बड़ी संख्या में शांतिपूर्ण तरीके से इसमें शामिल होने की अपील की है।

छात्रों की मांगों के समर्थन में प्रदर्शन का आह्वान

सीजेपी की ओर से जारी पोस्टर के अनुसार, यह प्रदर्शन छात्रों की मांगों के समर्थन और हाल के विरोध प्रदर्शनों के दौरान कथित पुलिस कार्रवाई के पीड़ितों के प्रति एकजुटता व्यक्त करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।संगठन ने छात्र संगठनों और अन्य सामाजिक संगठनों से भी इस अभियान में शामिल होकर शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन करने की अपील की है।

आज सरकार और सीजेपी के बीच प्रस्तावित बैठक

इसी बीच पेपर लीक मुद्दे पर आंदोलन कर रही सीजेपी और केंद्र सरकार के प्रतिनिधियों के बीच आज दोपहर 12:30 बजे कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में बैठक प्रस्तावित है।सूत्रों के अनुसार, बैठक में सरकार संगठन से आंदोलन समाप्त करने की अपील कर सकती है। साथ ही सरकार की ओर से एक लिखित प्रस्ताव भी सौंपे जाने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

सीजेपी अपनी मांगों पर कायम

संगठन का कहना है कि वह अपनी प्रमुख मांगों पर अभी भी कायम है। सीजेपी ने स्पष्ट किया है कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे सहित अपनी मांगों पर कार्रवाई होने तक आंदोलन जारी रहेगा।संगठन का यह भी कहना है कि सोनम वांगचुक द्वारा अनशन समाप्त करने और सरकार की बातचीत की पहल के बावजूद उसका विरोध-प्रदर्शन जारी रहेगा।

Exit mobile version