मनोरंजन डेस्क : ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स ने अपनी बहुप्रतीक्षित सैन्य ड्रामा सीरीज ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ का दमदार ट्रेलर जारी कर दिया है। यह सीरीज 1999 के कारगिल युद्ध के दौरान भारतीय वायुसेना द्वारा चलाए गए ऐतिहासिक ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ पर आधारित है। सीरीज में ऊंचे पहाड़ों और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भारतीय वायुसेना के साहस, रणनीति और बलिदान को बड़े स्तर पर दिखाया गया है।
गोल्डन एरोज स्क्वाड्रन की वीरता पर आधारित है कहानी
सीरीज की कहानी भारतीय वायुसेना की प्रसिद्ध ‘गोल्डन एरोज स्क्वाड्रन’ और उन युवा लड़ाकू पायलटों के इर्द-गिर्द घूमती है, जिन्होंने कारगिल युद्ध के दौरान दुश्मन के खिलाफ अहम हवाई अभियान को सफल बनाया। मेकर्स ने इस कहानी को तैयार करने के लिए भारतीय वायुसेना के सेवानिवृत्त अधिकारियों और युद्ध नायकों से विस्तृत बातचीत और शोध किया है।
असली एयरफोर्स बेस और फाइटर जेट्स पर हुई शूटिंग
सीरीज को वास्तविकता के करीब लाने के लिए इसकी शूटिंग भारतीय वायुसेना के वास्तविक एयरबेस पर की गई है। कई महत्वपूर्ण दृश्य ऊंचाई वाले पहाड़ी इलाकों में फिल्माए गए हैं, जबकि मेकर्स को असली लड़ाकू विमानों और सैन्य संसाधनों के इस्तेमाल की भी अनुमति मिली थी।
दमदार स्टार कास्ट
सीरीज में जिमी शेरगिल विंग कमांडर बी.एस. धनोआ ‘टोनी’ की भूमिका में नजर आएंगे, जबकि सिद्धार्थ स्क्वाड्रन लीडर अजय आहूजा का किरदार निभा रहे हैं।इसके अलावा प्रमुख कलाकारों में शामिल हैं अभय वर्मा,मिहिर आहूजा,तारुक रैना,अर्णव भसीन,दीया मिर्जा,प्राजक्ता कोली,आदिल हुसैन और अमृता बागची।
पूर्व एयर चीफ मार्शल बी.एस. धनोआ का मिला मार्गदर्शन
इस महत्वाकांक्षी परियोजना को भारतीय वायुसेना के पूर्व प्रमुख एयर चीफ मार्शल (सेवानिवृत्त) बी.एस. धनोआ का विशेष मार्गदर्शन मिला है। उन्होंने कहा कि कारगिल युद्ध में भारतीय वायुसेना के योगदान की यह कहानी देश के युवाओं को प्रेरित करेगी और उन्हें वायुसेना में शामिल होकर देश सेवा के लिए प्रोत्साहित करेगी।
कब होगी रिलीज?
निर्देशक ओनी सेन के निर्देशन में बनी ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ का निर्माण मैचबॉक्स शॉट्स और फील गुड फिल्म्स ने किया है। देशभक्ति और साहस से भरपूर यह सैन्य ड्रामा सीरीज 7 अगस्त से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी।
