Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: मॉनसून और श्रावणी मेले को लेकर एनडीआरएफ अलर्ट, रांची, जमशेदपुर और देवघर में तैनात होंगी विशेष टीमें

झारखंड में मॉनसून के दौरान संभावित आपदाओं और देवघर श्रावणी मेला को देखते हुए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। राज्य के तीन प्रमुख शहर रांची, जमशेदपुर और देवघर में एनडीआरएफ की विशेष टीमें तैनात की जा रही हैं।

आधुनिक उपकरणों से लैस रहेंगी टीमें

एनडीआरएफ की 9वीं बटालियन के डिप्टी कमांडेंट विनय कुमार ने बताया कि सभी टीमें आधुनिक बचाव उपकरणों और आवश्यक संसाधनों से पूरी तरह लैस हैं। बाढ़, जलभराव, नदी हादसों और अन्य आपात स्थितियों में टीमें तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करेंगी।

कठिन इलाकों के लिए बनाई गई विशेष रणनीति

विनय कुमार ने बताया कि झारखंड की बरसाती नदियों, तेज बहाव और पथरीले जल स्रोतों को ध्यान में रखते हुए विशेष रणनीति तैयार की गई है। एनडीआरएफ के जवान कठिन और चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में भी प्रभावी रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने के लिए प्रशिक्षित हैं।

बचाव के लिए उपलब्ध रहेंगे अत्याधुनिक संसाधन

एनडीआरएफ की टीमों के पास मोटर बोट, लाइफ जैकेट, डीप डाइविंग उपकरण, रस्सी बचाव किट, मेडिकल सहायता सामग्री, संचार उपकरण समेत सभी जरूरी संसाधन उपलब्ध रहेंगे। किसी भी आपदा की सूचना मिलते ही टीमें तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत अभियान शुरू करेंगी।

प्रशासन के साथ समन्वय में रहेगी एनडीआरएफ

श्रावणी मेले में लाखों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ और मॉनसून के बढ़ते जोखिम को देखते हुए एनडीआरएफ स्थानीय प्रशासन और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के साथ समन्वय बनाकर लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए है। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।

लोगो से सतर्क रहने की अपील

एनडीआरएफ ने आम लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान उफनती नदियों, नालों और जलाशयों के पास जाने से बचें, प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत स्थानीय प्रशासन या आपदा नियंत्रण कक्ष को सूचना दें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button