Jharkhand: जमशेदपुर में एसएसपी का रात 10 बजे औचक निरीक्षण, गश्ती दलों को अपराधियों पर सख्त कार्रवाई के दिए निर्देश

जमशेदपुर में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने मंगलवार रात करीब 10 बजे शहर की सुरक्षा व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सोनारी, कदमा और बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में तैनात पीसीआर गश्ती वाहनों और पुलिसकर्मियों की कार्यप्रणाली का जायजा लिया।अचानक हुए इस निरीक्षण से पुलिस महकमे में सतर्कता बढ़ गई और गश्ती व्यवस्था की गहन समीक्षा की गई।

गश्ती दलों की सक्रियता और तैनाती की जांच

निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने रात्रि गश्त की स्थिति, पुलिसकर्मियों की तैनाती और गश्ती दलों की सक्रियता का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शहर में किसी भी प्रकार की अड्डेबाजी, असामाजिक तत्वों की गतिविधियों तथा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश

एसएसपी ने सभी गश्ती दलों को नियमित रूप से एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की नियमित जांच की जाए, ताकि आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।

संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत दें सूचना

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि यदि गश्त के दौरान किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, संदिग्ध व्यक्ति या आपराधिक घटना की जानकारी मिलती है तो इसकी सूचना बिना विलंब संबंधित थाना प्रभारी और पुलिस नियंत्रण कक्ष को दी जाए, ताकि तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। 

अपराध नियंत्रण पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता

एसएसपी ने कहा कि शहर में अपराध पर नियंत्रण और आम नागरिकों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। रात्रि गश्ती को और अधिक प्रभावी बनाकर अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाए तथा लोगों में सुरक्षा का विश्वास बनाए रखा जाए।उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के औचक निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे, ताकि शहर की कानून-व्यवस्था मजबूत बनी रहे।

Exit mobile version