Jharkhand: राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा व सरकार की दूसरी वर्षगांठ पर तीन दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव का भव्य शुभारंभ, 160 विभागीय स्टॉल आकर्षण का केंद्र

रांची। झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा और राज्य सरकार के द्वितीय वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। महोत्सव का उद्घाटन झारखंड सरकार के मंत्री दीपक बिरुवा, दीपिका पांडेय सिंह और संजय प्रसाद ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से राज्य की समृद्ध जनजातीय और शास्त्रीय कला परंपराओं की झलक देखने को मिली।

बांसुरी वादन से लेकर छऊ नृत्य तक ने बांधा समां

उद्घाटन समारोह के बाद आयोजित सांस्कृतिक संध्या में कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को झारखंड की सांस्कृतिक विरासत से रूबरू कराया। कार्यक्रम की शुरुआत रांची के कुश कुमार करुवा के बांसुरी वादन से हुई। इसके बाद मुंडारी, नागपुरी, उरांव और संथाली जैसे झारखंड के प्रमुख जनजातीय नृत्यों का समायोजन प्रस्तुत किया गया।सांस्कृतिक संध्या में कथक, भरतनाट्यम और ओडिसी नृत्य की शास्त्रीय युगलबंदी भी आकर्षण का केंद्र रही। इसमें सुमेधासेन गुप्ता, शीतल कुमार उरांव और प्रमिला कुमारी ने प्रस्तुति दी। वहीं, गुरु तपन कुमार पटनायक के निर्देशन में सरायकेला छऊ नृत्य का प्रदर्शन किया गया।इसके अलावा वर्षा लकड़ा एवं दल ने आधुनिक नागपुरी नृत्य प्रस्तुत किया, जबकि महिला बैंड ‘द सजनी ग्रुप’ ने आधुनिक नागपुरी गायन और वादन से समां बांधा।

करीब 160 स्टॉलों में योजनाओं और उपलब्धियों का प्रदर्शन

महोत्सव स्थल पर विभिन्न सरकारी विभागों की ओर से आकर्षक स्टॉल लगाए गए हैं। इनमें सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, खेल-कूद एवं युवा संस्कृति विभाग, गृह, कारा एवं आपदा विभाग तथा सूचना प्रौद्योगिकी विभाग सहित कई विभाग शामिल हैं। कुल करीब 160 स्टॉल स्थापित किए गए हैं, जिनके माध्यम से सरकारी योजनाओं, विभागीय उपलब्धियों और विभिन्न उत्पादों को प्रदर्शित किया जा रहा है।

कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में गृह, कारा एवं आपदा विभाग की प्रधान सचिव वंदना दादेल, ग्रामीण विकास विभाग के सचिव मनोज कुमार, संस्कृति निदेशक आसिफ एकराम, खादी बोर्ड के निदेशक आलोक कुमार, उद्योग निदेशक विशाल सागर, सूचना प्रौद्योगिकी निदेशक माधवी मिश्रा, पर्यटन सचिव मुकेश कुमार, पर्यटन निदेशक नमन प्रियेश, झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अनन्य मित्तल और झारक्राफ्ट की प्रबंध निदेशक गरिमा सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।तीन दिवसीय यह सांस्कृतिक महोत्सव झारखंड की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, जनजातीय कला को प्रोत्साहन देने और राज्य सरकार की विकास यात्रा को आम लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। महोत्सव के आगामी दिनों में भी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, प्रदर्शनियों और विभिन्न गतिविधियों का आयोजन जारी रहेगा।

Exit mobile version