Jharkhand: बिजली की समस्या को लेकर बिरसानगर में बीजेपी का प्रदर्शन, विभागीय कार्यालय का घंटों किया घेराव

जमशेदपुर : बिरसानगर में बिजली की अनियमित आपूर्ति और जर्जर विद्युत व्यवस्था के खिलाफ शनिवार को बीजेपी बिरसानगर मंडल के कार्यकर्ताओं ने बिजली विभाग के कार्यालय का घंटों घेराव किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने बिजली विभाग और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की तथा क्षेत्र में बिजली व्यवस्था में जल्द सुधार की मांग उठाई।प्रदर्शन में मंडल अध्यक्ष बापोन बनर्जी, बीजेपी नेता रवि सिंह चंदेल समेत सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पूरे बिरसानगर क्षेत्र में बिजली की स्थिति खराब है। 24 घंटे के भीतर कई बार बिजली कटने से स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बांस के खंभों पर बिजली के तार, दुर्घटना की आशंका

बीजेपी नेता रवि सिंह चंदेल ने कहा कि बिरसानगर के कई इलाकों में बांस के खंभों के सहारे बिजली के तार ले जाए गए हैं। इससे कभी भी दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली विभाग को बार-बार शिकायत करने के बावजूद व्यवस्था में सुधार नहीं किया जा रहा है।प्रदर्शनकारियों ने विभाग से नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने, असुरक्षित तरीके से लगाए गए तारों और खंभों को दुरुस्त करने तथा क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था में सुधार करने की मांग की।

सुधार नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी

बीजेपी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो पार्टी की ओर से आगे और उग्र आंदोलन किया जाएगा।

Exit mobile version