Bihar: बिहार के सरकारी अस्पतालों में सफाई की जिम्मेदारी संभालेंगी जीविका दीदियां, 1 अगस्त से नई व्यवस्था लागू

पटना। बिहार सरकार ने सरकारी अस्पतालों की साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए बड़ा फैसला लिया है। 1 अगस्त से पटना सहित राज्य के सरकारी अस्पतालों में चरणबद्ध तरीके से सफाई की जिम्मेदारी जीविका दीदियों को सौंपी जाएगी। इसके लिए अस्पतालों और जीविका समूहों के बीच सहमति पत्र (एमओयू) किए जा रहे हैं।

पीएमसीएच में 300 से अधिक जीविका दीदियां संभालेंगी जिम्मेदारी

पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (पीएमसीएच) के अधीक्षक डॉ. राजीव कुमार सिंह ने बताया कि अस्पताल में सफाई व्यवस्था के लिए जीविका के साथ करार हो चुका है। नई व्यवस्था के तहत 300 से अधिक जीविका दीदियां अस्पताल परिसर में सफाई और स्वच्छता से जुड़ी सेवाएं प्रदान करेंगी। इसे 1 अगस्त से लागू करने की तैयारी की जा रही है।

‘दीदी की रसोई’ और मेस संचालन भी जीविका के जिम्मे

पीएमसीएच प्रशासन ने बताया कि वर्षों से संचालित ‘दीदी की रसोई’ को टावर-2 में स्थानांतरित किया जा रहा है, जहां मरीजों और उनके परिजनों के लिए भोजन तैयार किया जाएगा। इसके अलावा अस्पताल के मेस का संचालन भी जीविका समूह के माध्यम से किया जाएगा, जिससे भोजन और अन्य सेवाओं के संचालन में बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित होने की उम्मीद है।

अन्य सरकारी अस्पतालों में भी लागू होगी योजना

स्वास्थ्य विभाग की योजना के अनुसार आने वाले समय में राज्य के अन्य सरकारी अस्पतालों में भी ‘दीदी की रसोई’ शुरू की जाएगी। निजी एजेंसियों के स्थान पर जीविका दीदियों को सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपने का उद्देश्य अस्पतालों में स्वच्छता की गुणवत्ता में सुधार के साथ-साथ ग्रामीण महिलाओं को रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराना है।

Exit mobile version