Gujrat: गुजरात की मांजलपुर सीट पर कांग्रेस ने भीखाभाई रबारी को बनाया उम्मीदवार, बीजेपी के सतीश पटेल से होगा मुकाबला

गुजरात की मांजलपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने अपने उम्मीदवार के नाम की घोषणा कर दी है। पार्टी ने भीखाभाई रबारी को आधिकारिक प्रत्याशी बनाया है। इस संबंध में कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल की ओर से प्रेस विज्ञप्ति जारी की गई।

के.सी. वेणुगोपाल ने जारी की प्रेस विज्ञप्ति

कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल द्वारा जारी बयान में कहा गया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने गुजरात विधानसभा की 145-मांजलपुर सीट के उपचुनाव के लिए भीखाभाई रबारी की उम्मीदवारी को मंजूरी दे दी है।भीखाभाई रबारी के नाम की घोषणा के साथ ही मांजलपुर सीट का चुनावी मुकाबला और दिलचस्प हो गया है।

बीजेपी के सतीश गोविंदभाई पटेल से होगा मुकाबला

मांजलपुर सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार भीखाभाई रबारी का मुकाबला भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के उम्मीदवार सतीश गोविंदभाई पटेल से होगा।बीजेपी ने शुक्रवार को सतीश पटेल को इस सीट से अपना उम्मीदवार घोषित किया था। वे वडोदरा नगर निगम के कई बार पार्षद रह चुके हैं और स्थायी समिति के अध्यक्ष के रूप में भी कार्य कर चुके हैं। इसके अलावा वे भाजपा के वडोदरा जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं।

30 जुलाई को मतदान, 3 अगस्त को आएंगे नतीजे

चुनाव आयोग के कार्यक्रम के अनुसार नामांकन की अंतिम तिथि 13 जुलाई,मतदान 30 जुलाई और मतगणना 3 अगस्त को होगी। यह उपचुनाव बीजेपी विधायक योगेश पटेल के निधन के बाद कराया जा रहा है। आठ बार विधायक रहे योगेश पटेल का 2 जून को लंबी बीमारी के बाद वडोदरा में निधन हो गया था।

सतीश पटेल ने पार्टी नेतृत्व का जताया आभार

बीजेपी प्रत्याशी सतीश गोविंदभाई पटेल ने टिकट मिलने पर पार्टी के राष्ट्रीय और गुजरात नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उन्हें पार्टी के प्रति 32 वर्षों की समर्पित सेवा के आधार पर यह जिम्मेदारी मिली है।सतीश पटेल ने कहा कि टिकट मिलने के बाद उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की, स्वामीनारायण मंदिर में आशीर्वाद लिया और दिवंगत विधायक योगेश पटेल द्वारा बनवाए गए मंदिर में पूजा-अर्चना की।

Exit mobile version