Jharkhand: चुटुपालू घाटी में ब्रेक फेल ट्रेलर का कहर, दो कारों को मारी टक्कर, बड़ा हादसा टला

रामगढ़ थाना क्षेत्र के रांची–पटना राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित चुटुपालू घाटी में शनिवार को एक बार फिर तेज रफ्तार और ब्रेक फेल ट्रेलर के कारण बड़ा हादसा होते-होते टल गया। ट्रेलर (CG 10 BS 1519) ने सड़क पर खड़ी दो कारों को टक्कर मार दी, जिससे दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि कारों में सवार सभी लोग सुरक्षित बच गए और उन्हें केवल मामूली चोटें आईं।

एलपीजी टैंकर हटाने का चल रहा था काम

जानकारी के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की टीम बीती रात दुर्घटनाग्रस्त हुए एलपीजी टैंकर को हटाने का कार्य कर रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार से आया एक ट्रेलर अचानक ब्रेक फेल होने के कारण अनियंत्रित हो गया और सड़क पर खड़ी स्विफ्ट तथा फ्रॉन्क्स कार से जा टकराया।हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन को कुछ दूरी पर खड़ा कर मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने ट्रेलर किया जब्त, चालक की तलाश जारी

घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने के साथ ट्रेलर को अपने कब्जे में लेकर थाना पहुंचाया।पुलिस ने फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है और मामले की जांच की जा रही है।

बड़ा हादसा टला, कुछ देर प्रभावित रहा यातायात

हादसे के कारण कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ। हालांकि पहले से एक लेन बंद होने और ट्रैफिक नियंत्रित रहने के कारण लंबा जाम नहीं लगा।स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि उस समय सड़क पर सामान्य यातायात होता, तो यह दुर्घटना कहीं अधिक गंभीर साबित हो सकती थी।

Exit mobile version