Bihar:75 साल से अधिक उम्र के बुजुर्ग अब घर बैठे करा सकेंगे जमीन की रजिस्ट्री, सीएम सम्राट चौधरी ने लॉन्च की नई डिजिटल सेवा

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को वैशाली (हाजीपुर) जिला निबंधन कार्यालय से राज्य की अत्याधुनिक पेपरलेस निबंधन प्रणाली (होम रजिस्ट्री डिजिटल सिस्टम) का शुभारंभ किया। इस नई व्यवस्था के तहत होम रजिस्ट्रेशन, भूमि की ऑनलाइन जांच, पेपरलेस निबंधन और जीआईएस आधारित स्थल सत्यापन जैसी चार नई डिजिटल सेवाएं शुरू की गई हैं।
75 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों को मिलेगी घर पर रजिस्ट्री की सुविधा
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बुजुर्गों के घर जाकर संपत्ति का निबंधन करने के लिए मोबाइल रजिस्ट्रेशन यूनिट को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।इस मौके पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए 83 वर्षीय अवधेश कुमार के घर पर डिजिटल निबंधन प्रक्रिया का लाइव प्रदर्शन भी किया गया।मुख्यमंत्री ने बताया कि पहले यह सुविधा 80 वर्ष या उससे अधिक आयु के नागरिकों के लिए प्रस्तावित थी, लेकिन अब सरकार ने आयु सीमा घटाकर 75 वर्ष कर दी है। इससे अधिक संख्या में बुजुर्ग घर बैठे ही अपनी संपत्ति की रजिस्ट्री करा सकेंगे।
जीआईएस तकनीक से होगी जमीन की जांच
सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि नई व्यवस्था के तहत जमीन की खरीद-बिक्री से पहले जीआईएस तकनीक और ऑनलाइन सत्यापन के माध्यम से भूमि की वास्तविक स्थिति की जांच की जाएगी। इससे फर्जीवाड़े और भूमि विवादों में कमी आएगी तथा खरीदारों के हितों की बेहतर सुरक्षा होगी।
व्हाट्सएप और ई-मेल पर मिलेंगे दस्तावेज
नई पेपरलेस प्रणाली के तहत निबंधन से जुड़े दस्तावेज अब व्हाट्सएप और ई-मेल के माध्यम से भी उपलब्ध कराए जाएंगे। सरकार का उद्देश्य नागरिकों को तेज, पारदर्शी और सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराना है।
‘डिजिटल बिहार’ की दिशा में बड़ा कदम
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार डिजिटल गवर्नेंस को बढ़ावा देने और सरकारी सेवाओं को सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने इस पहल को ‘डिजिटल बिहार’ की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।



