Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: झारखंड ग्रामीण बैंक की 82 शाखाओं की समीक्षा बैठक, वित्तीय समावेशन और सरकारी योजनाओं पर दिया गया जोर

जमशेदपुर: झारखंड ग्रामीण बैंक के सिंहभूम क्षेत्र की 82 शाखाओं के कार्यों की समीक्षा गुरुवार को आयोजित व्यावसायिक प्रगति समीक्षा बैठक में की गई। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्रीय प्रबंधक श्रीकांत कटारे ने की। इसमें पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिले की सभी शाखाओं के शाखा प्रबंधकों एवं क्षेत्रीय कार्यालय के अधिकारियों ने भाग लिया।

वित्तीय समावेशन और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर

बैठक को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय प्रबंधक श्रीकांत कटारे ने कहा कि झारखंड ग्रामीण बैंक का उद्देश्य केवल बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना भी है।उन्होंने शाखा प्रबंधकों को निर्देश दिया कि ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय समावेशन को और मजबूत किया जाए तथा स्वरोजगार एवं कृषि आधारित योजनाओं के लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए।

विभिन्न सरकारी योजनाओं की हुई समीक्षा

बैठक में कई प्रमुख योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई, जिनमें शामिल हैं:

मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना
प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम
प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना
प्रधानमंत्री मुद्रा योजना
किसान क्रेडिट कार्ड
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन

10 हजार स्वयं सहायता समूहों को मिला ऋण

बैठक में अधिकारियों ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 एवं 2026-27 के दौरान बैंक ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।लगभग 10 हजार स्वयं सहायता समूहों को ऋण उपलब्ध कराया गया।करीब 4 हजार महिला उद्यमियों को स्वरोजगार के लिए ऋण दिया गया।लगभग 5 हजार किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड जारी किए गए।

शिक्षा ऋण को बढ़ावा देने पर विशेष फोकस

बैठक में शिक्षा ऋण के विस्तार पर भी विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि ‘गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड’ योजना के तहत पात्र विद्यार्थियों को 15 लाख रुपये तक का शिक्षा ऋण बिना मार्जिन और बिना अतिरिक्त सुरक्षा के उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि आर्थिक तंगी किसी भी छात्र की पढ़ाई में बाधा न बने।

डिजिटल बैंकिंग और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के विस्तार पर बल

बैठक में हाउसिंग लोन, पर्सनल लोन, कार लोन सहित अन्य बैंकिंग उत्पादों के प्रचार-प्रसार पर भी चर्चा की गई।इसके अलावा निम्न सेवाओं के विस्तार का लक्ष्य निर्धारित किया गया जिसमे मोबाइल बैंकिंग,इंटरनेट बैंकिंग,एटीएम एवं माइक्रो एटीएम,आधार आधारित ई-केवाईसी,प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना,प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और अटल पेंशन योजना शामिल है।

ग्राहकों को बेहतर सेवाएं देने का आह्वान

बैठक के अंत में क्षेत्रीय प्रबंधक ने सभी शाखा प्रबंधकों से ग्राहकों को पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button