Jharkhand: सांसद ढुल्लू महतो का निरसा विधायक अरूप चटर्जी पर बड़ा हमला, लगाए गंभीर आरोप

धनबाद। धनबाद परिसदन में मंगलवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सांसद ढुल्लू महतो ने निरसा विधायक अरूप चटर्जी पर कई गंभीर आरोप लगाए। सांसद ने दावा किया कि विधायक कुख्यात प्रिंस खान के “सबसे बड़े संरक्षक” हैं और उनसे जुड़े लोगों को संरक्षण दे रहे हैं।

ए.के. राय की विरासत खत्म करने का लगाया आरोप

ढुल्लू महतो ने आरोप लगाया कि अरूप चटर्जी ने कोयलांचल के वरिष्ठ नेता ए.के. राय की राजनीतिक विरासत को समाप्त कर दिया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विधायक दो अलग-अलग मामलों में आरोपी हैं। हालांकि, इन आरोपों पर विधायक की प्रतिक्रिया समाचार लिखे जाने तक सामने नहीं आई है।

‘मेरे खिलाफ दर्ज सभी मामले साजिश का हिस्सा’

सांसद ने कहा कि उनके खिलाफ दर्ज सभी मामले राजनीतिक साजिश के तहत कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि यदि उन पर लगाए गए आरोपों में से एक भी आरोप साबित हो जाता है, तो वह सरकार से इच्छा मृत्यु की मांग करेंगे।

मोइज़ खान और प्रिंस खान को लेकर भी लगाए आरोप

प्रेस कॉन्फ्रेंस में सांसद ने आरोप लगाया कि मासस नेता मोइज़ खान कुख्यात प्रिंस खान का प्रमुख शूटर है। उन्होंने दावा किया कि 25 मई को पुलिस ने तालडांगा स्थित मोइज़ खान के घर से प्रिंस खान के कथित मुख्य शूटर रिजवान सिद्दीकी को गिरफ्तार किया था।ढुल्लू महतो ने कहा कि रिजवान की गिरफ्तारी के बाद से मोइज़ खान फरार है और आरोप लगाया कि मोइज़ खान, रिजवान सिद्दीकी और प्रिंस खान को विधायक अरूप चटर्जी का संरक्षण प्राप्त है।

एलिवेटेड रोड परियोजना को लेकर भी लगाया आरोप

सांसद ने आरोप लगाया कि निरसा में उनके द्वारा स्वीकृत एलिवेटेड रोड परियोजना को रंगदारी के उद्देश्य से रोका गया। उन्होंने दावा किया कि इस परियोजना के लिए 6 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई।सांसद ने कहा कि इन आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और वह किसी भी प्रकार के दबाव के आगे न पहले झुके हैं और न आगे झुकेंगे।

Exit mobile version