Jharkhand: चुट्टूपालू घाटी में दो ट्रेलरों की भीषण टक्कर, केबिन में फंसे चालक और खलासी

रामगढ़। झारखंड के रामगढ़ जिले में रांची-रामगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर चुट्टूपालू घाटी में रविवार सुबह दो ट्रेलरों के बीच भीषण टक्कर हो गई। हादसे में पीछे से आ रहे इंगोट लदे ट्रेलर का केबिन आगे चल रहे ट्रेलर के पिछले हिस्से में बुरी तरह घुस गया। इससे दोनों वाहनों के चालक और खलासी केबिन में फंस गए। दोनों गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। उन्हें बाहर निकालने के लिए पुलिस और बचाव दल लगातार प्रयास कर रहे हैं।

स्पीड ब्रेकर के पास धीमा हुआ ट्रेलर, पीछे से हुई टक्कर

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रांची से रामगढ़ की ओर जा रहा एक ट्रेलर गड़के मोड़ से पहले वन विभाग के वॉच टावर के समीप स्पीड ब्रेकर के कारण धीमा हो रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहा ट्रेलर अनियंत्रित होकर उससे टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों के केबिन और चेसिस आपस में बुरी तरह फंस गए।

दो घंटे की मशक्कत के बाद भी नहीं निकाले जा सके घायल

हादसे की सूचना मिलते ही रामगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बावजूद केबिन में फंसे दोनों लोगों को बाहर नहीं निकाला जा सका। रेस्क्यू अभियान के लिए तीन क्रेन मंगाई गई हैं। भारी वाहनों के आपस में बुरी तरह फंसे होने के कारण बचाव कार्य में कठिनाई आ रही है।रामगढ़ के सब इंस्पेक्टर संजय दुबे ने बताया कि केबिन में दो लोग फंसे हुए हैं। उन्हें सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाना पुलिस की प्राथमिकता है।

चुट्टूपालू घाटी में लगा लंबा जाम

हादसे के कारण घाटी की एक लेन पूरी तरह बंद हो गई है। पुलिस ने दूसरी लेन पर वन-वे व्यवस्था लागू की है। इसके बावजूद रांची और रामगढ़ दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई है। हादसे के चलते राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर आवागमन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।

Exit mobile version