Bihar INFACTNews

Bihar: गोपालगंज में मानव तस्करी मामले में एनआईए की छापेमारी, कंबोडिया भेजने के आरोपी एजेंट से 5 घंटे पूछताछ

गोपालगंज। मानव तस्करी और विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर कथित धोखाधड़ी के मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने मंगलवार को गोपालगंज जिले में बड़ी कार्रवाई की। एनआईए की टीम ने शहर के हजियापुर (सरेया वार्ड संख्या-6) स्थित एक संदिग्ध एजेंट के घर पर छापेमारी कर करीब पांच घंटे तक पूछताछ की। पूछताछ के बाद एजेंसी ने आरोपी को नोटिस जारी कर आगे की जांच के लिए पटना बुलाया है।

विदेश में नौकरी का झांसा देकर भेजा गया था कंबोडिया

जानकारी के अनुसार, मामला करीब दो वर्ष पुराना है। आरोप है कि पश्चिम चंपारण के एक युवक को विदेश में अच्छी नौकरी और अधिक वेतन का लालच देकर एजेंट के माध्यम से भेजा गया था। हालांकि, जिस देश में नौकरी दिलाने का वादा किया गया था, वहां भेजने के बजाय उसे कंबोडिया पहुंचा दिया गया।

कठिन परिस्थितियों में काम करने का आरोप

पीड़ित युवक का आरोप है कि कंबोडिया पहुंचने के बाद उसे प्रतिकूल परिस्थितियों में काम करने के लिए मजबूर किया गया। काफी प्रयासों के बाद वह किसी तरह भारत लौटने में सफल रहा।भारत लौटने के बाद पीड़ित ने पूरे मामले की शिकायत एनआईए से की, जिसके आधार पर एजेंसी ने जांच शुरू की।

पासपोर्ट, वीजा और आर्थिक लेनदेन की जांच

जांच के दौरान एनआईए अधिकारियों ने विदेश भेजने की प्रक्रिया, पासपोर्ट, वीजा, आर्थिक लेनदेन और अन्य संबंधित दस्तावेजों की विस्तार से जांच की। साथ ही आरोपी एजेंट से कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर पूछताछ की गई।हालांकि, एजेंसी की ओर से किसी बरामदगी या पूछताछ में सामने आए तथ्यों को लेकर आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है।

जांच जारी, हो सकते हैं और खुलासे

एनआईए फिलहाल पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। एजेंसी का मानना है कि आगे की पूछताछ और जांच के दौरान मानव तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं का भी खुलासा हो सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button