रांची: झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की शुरुआत हो गई है। इस अभियान के तहत बूथ स्तरीय अधिकारी घर-घर जाकर मतदाताओं को एन्यूमरेशन प्रपत्र वितरित कर रहे हैं और उनके विवरण का सत्यापन कर रहे हैं, ताकि मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाया जा सके।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने खुद भरा एन्यूमरेशन प्रपत्र
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गुरुवार को रांची के कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत स्वयं एन्यूमरेशन प्रपत्र भरकर जमा किया। इस दौरान उन्होंने राज्य के सभी पात्र मतदाताओं से निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी एसआईआर प्रक्रिया पूरी करने की अपील की।
‘मतदान का अधिकार सुरक्षित रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी’
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि मतदान का अधिकार लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है और इसे सुरक्षित रखना प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि बीएलओ के सहयोग से समय पर अपने दस्तावेजों का सत्यापन कराएं, ताकि भविष्य में मतदान के अधिकार का निर्बाध रूप से उपयोग किया जा सके।
मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने पर जोर
निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाना, नए पात्र मतदाताओं को जोड़ना तथा अपात्र या त्रुटिपूर्ण प्रविष्टियों का सत्यापन करना है। इसके लिए बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क कर आवश्यक जानकारी एकत्र कर रहे हैं।
