Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: हिमांशु सिंह हत्याकांड के मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल उर्फ बोडरा पर ₹2 लाख का इनाम, पुलिस ने मांगी जनता से मदद

जमशेदपुर के चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड में फरार मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल उर्फ बोडरा की गिरफ्तारी के लिए पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। बुधवार को वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, आरोपी की गिरफ्तारी में मदद करने वाली सूचना देने वाले व्यक्ति को 2 लाख रुपये का नकद इनाम दिया जाएगा।

गंभीर धाराओं में दर्ज है मामला

पुलिस के अनुसार, विश्वनाथ मंडल उर्फ बोडरा, पिता रविंद्र नाथ मंडल, मूल रूप से घाटकीडीह, थाना गम्हरिया, जिला सरायकेला-खरसावां का निवासी है। उसके खिलाफ बिष्टुपुर थाना कांड संख्या 84/2026 में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज है। पुलिस लगातार उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है, लेकिन अब तक वह गिरफ्त से बाहर है।

सूचना देने वाले की पहचान रहेगी गोपनीय

पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने आम नागरिकों से आरोपी की गिरफ्तारी में सहयोग की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि जो भी व्यक्ति आरोपी के ठिकाने या उसकी गतिविधियों से जुड़ी विश्वसनीय सूचना देगा, उसे 2 लाख रुपये का नकद इनाम दिया जाएगा। साथ ही सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

इन अधिकारियों को दी जा सकती है सूचना

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि आरोपी के संबंध में कोई भी जानकारी हो तो तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचित करें। सूचना निम्न अधिकारियों को दी जा सकती है—

पुलिस अधीक्षक (नगर)
पुलिस उपाधीक्षक (सीसीआर)
बिष्टुपुर थाना प्रभारी
जमशेदपुर पुलिस कंट्रोल रूम

फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पुलिस की प्राथमिकता

पूर्वी सिंहभूम पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और कानून-व्यवस्था बनाए रखना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस को उम्मीद है कि जनता के सहयोग से मुख्य आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के दायरे में लाया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button