Bihar: स्कूली बच्चों से भरी मैजिक नहर में गिरी, 14 घायल, 3 की हालत गंभीर

बिहार के औरंगाबाद जिले में बुधवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। कुटुंबा थाना क्षेत्र के तमसी मोड़ के समीप बसडीहा नहर के पास स्कूली बच्चों से भरी एक निजी स्कूल की मैजिक वैन अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। हादसे में 14 बच्चे घायल हो गए, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।

सेंट जेवियर स्कूल के बच्चों को लेकर जा रही थी वैन

जानकारी के अनुसार, यह मैजिक वैन सेंट जेवियर स्कूल की थी। वाहन रोजाना की तरह महुआधाम, मिर्जापुर, कुटुंबा, लखना और आसपास के गांवों से बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। इसी दौरान तमसी मोड़ के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और वैन सड़क से उतरकर नहर में पलट गई।

ग्रामीणों ने चलाया रेस्क्यू अभियान, सभी बच्चों को अस्पताल पहुंचाया

हादसे के बाद बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और नहर में फंसे बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद ऑटो और अन्य वाहनों की मदद से सभी घायलों को कुटुंबा रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया।

तीन बच्चों की हालत गंभीर, सदर अस्पताल रेफर

घायलों में आरवी प्रताप (5), मौली कुमारी (7) और हर्ष कुमार (10) की हालत गंभीर बताई गई है। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को बेहतर इलाज के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

घायल बच्चों के नाम:

आदित्य राज (12)
आरवी प्रताप (5)
मौली कुमारी (7)
हर्ष कुमार (10)
अमी कुमारी
लक्ष्मी राज सैनी
सुगंधी
आर्यन
सृष्टि कुमारी
आयुष कुमार
अवध कुमार
वैभव कुमार
आबिद रजा
अमित कुमार

अभिभावकों ने लगाए क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाने के आरोप

हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में अभिभावक अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने आरोप लगाया कि स्कूल वाहन में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाया गया था, जिससे हादसे का खतरा बढ़ गया। अभिभावकों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने वाहन जब्त कर शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद कुटुंबा थाना प्रभारी इमरान आलम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Exit mobile version