Delhi : अस्पताल में भी जारी है सोनम वांगचुक का उपवास, सफदरजंग और एम्स के डॉक्टरों की संयुक्त टीम रख रही 24 घंटे नजर

नई दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती जलवायु कार्यकर्ता एवं शिक्षाविद् सोनम वांगचुक की हालत फिलहाल स्थिर बताई गई है। अस्पताल की चिकित्सा अधीक्षक डॉ. चारु बंबा ने यह जानकारी दी।
अस्पताल में भर्ती होने के बाद भी उपवास जारी
डॉ. चारु बंबा के अनुसार, अस्पताल में भर्ती होने के बावजूद सोनम वांगचुक का उपवास जारी है। उनके स्वास्थ्य की लगातार निगरानी की जा रही है और आवश्यकता के अनुसार चिकित्सकीय उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।
हेल्थ बुलेटिन में क्या कहा गया
रविवार को जारी हेल्थ बुलेटिन के अनुसार, सोनम वांगचुक की नाड़ी, रक्तचाप और ऑक्सीजन का स्तर सामान्य है। हालांकि, रक्त संबंधी कुछ जांच अभी पूरी तरह सामान्य नहीं हुई हैं और लंबे समय तक उपवास का असर उनके शरीर पर देखा जा रहा है।
एम्स और सफदरजंग के विशेषज्ञों की संयुक्त निगरानी
अस्पताल प्रशासन ने बताया कि वीएमएमसी एवं सफदरजंग अस्पताल तथा एम्स के विशेषज्ञों की संयुक्त टीम 24 घंटे उनके स्वास्थ्य की निगरानी कर रही है। किसी भी प्रकार की जटिलता होने पर तत्काल उपचार की व्यवस्था की गई है।
जरूरत के अनुसार दिया जा रहा इलाज
सफदरजंग अस्पताल के अनुसार, सोनम वांगचुक की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और उनकी आवश्यकता के अनुसार सभी जरूरी चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।



