Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: ऑपरेशन ‘नारकोस’ के तहत आरपीएफ बोकारो की बड़ी कार्रवाई, एलेप्पी एक्सप्रेस से 14.364 किलोग्राम गांजा बरामद

ऑपरेशन “नारकोस” के तहत रेलवे सुरक्षा बल बोकारो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रेन संख्या 13352 एलेप्पी एक्सप्रेस के जनरल कोच से 14.364 किलोग्राम गांजा बरामद किया। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 7,18,200 रुपये आंकी गई है।

लगेज रैक पर मिले दो संदिग्ध बैग

रांची से बोकारो पहुंची एलेप्पी एक्सप्रेस में आरपीएफ की टीम नियमित तलाशी अभियान चला रही थी। इसी दौरान जनरल कोच के लगेज रैक पर दो संदिग्ध बैग मिले। आसपास मौजूद यात्रियों से पूछताछ की गई, लेकिन किसी ने भी बैग पर अपना दावा नहीं किया।

छह पैकेट में मिला गांजा, मौके पर किया गया जब्त

दोनों बैगों को प्लेटफॉर्म नंबर-1 स्थित नए जीआरपी कार्यालय के समीप लाकर जांच की गई। तलाशी के दौरान भूरे रंग के टेप से लिपटे छह पैकेट बरामद हुए। एक पैकेट खोलने पर उसकी गंध और सामग्री के आधार पर उसमें गांजा होने की पुष्टि हुई। इसके बाद मामले की सूचना वरिष्ठ आरपीएफ अधिकारियों को दी गई।

आगे की कार्रवाई के लिए जीआरपी को सौंपा गया मामला

एएससी आरपीएफ बोकारो की निगरानी और गवाहों की मौजूदगी में बरामद गांजे को जब्त किया गया। इसके बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए जब्त सामग्री और संबंधित मामला जीआरपी बोकारो को सौंप दिया गया। अब मामले की आगे की जांच की जा रही है।

इन अधिकारियों की रही अहम भूमिका

इस अभियान में एएसआई डी.के. द्विवेदी, हेड कांस्टेबल मंटू कुमार, हेड कांस्टेबल धनजी सिंह, हेड कांस्टेबल ए.के. सिंह तथा सीआइबी/एडीआरए की टीम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button