चाईबासा:झारखंड के नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने रविवार को पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा स्थित टेकराहातू गांव में ग्रामीणों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ को सुना। ग्रामीण क्षेत्र में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला-पुरुषों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा समेत कई भाजपा नेता रहे मौजूद
कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, भाजपा नेता जेबी तुबिद, संजय पांडे, बड़ाकुंवर गागराई सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम शुरू होने से पहले ग्रामीणों ने बाबूलाल मरांडी और अन्य भाजपा नेताओं का फूल-मालाओं एवं गुलदस्ते देकर स्वागत किया।
‘मन की बात’ समाज को प्रेरणा और सकारात्मक ऊर्जा देता है : बाबूलाल मरांडी
कार्यक्रम के बाद बाबूलाल मरांडी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘मन की बात’ देशवासियों के लिए प्रेरणा और सकारात्मक ऊर्जा का महत्वपूर्ण स्रोत है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री समाज के विभिन्न वर्गों की प्रेरणादायक कहानियां, नवाचार और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाते हैं।उन्होंने कहा कि इससे लोगों को समाज और देश के विकास में योगदान देने की प्रेरणा मिलती है।
ग्रामीणों से हर महीने ‘मन की बात’ सुनने की अपील
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि टेकराहातू जैसे सुदूर ग्रामीण क्षेत्र में ग्रामीणों के साथ बैठकर कार्यक्रम सुनना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि जब भी ‘मन की बात’ का प्रसारण हो, वे इसे अवश्य सुनें, क्योंकि इससे सकारात्मक सोच विकसित होती है और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने की प्रेरणा मिलती है।
केंद्र सरकार की योजनाओं की भी दी जानकारी
अपने संबोधन में बाबूलाल मरांडी ने केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों को दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को आत्मनिर्भर, सशक्त और विकसित राष्ट्र बनाने के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं। उन्होंने लोगों से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर स्वयं को सशक्त बनाने और देश के विकास में भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
ग्रामीणों में दिखा उत्साह
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों में ‘मन की बात’ को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने पूरे कार्यक्रम को गंभीरता से सुना और प्रधानमंत्री के संदेशों पर सकारात्मक प्रतिक्रिया व्यक्त की।
